लंदन के प्रतिष्ठित एटोन कालेज में हिंदू शिक्षक की नियुक्ति
लंदन, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। दुनियाभर की प्रतिष्ठित हस्तियों की पहली पसंद माने जाने वाले लंदन स्थित एटोन कालेज में पहली बार किसी हिंदू शिक्षक को नियुक्त किया गया है।
यह शिक्षक हैं लंदन स्थित हिंदू अकादमी के अध्यक्ष व इंग्लैंड हिंदू परिषद के शिक्षा निदेशक जय लखानी।
लखानी कालेज में अंशकालिक शिक्षक के तौर पर हिंदू धर्म से जुड़ी विभिन्न विधाओं से हिंदू छात्रों को अवगत कराएंगे।
हिंदू परिषद के अनुसार इस कालेज में यहूदी व मुस्लिम विद्यार्थियों के लिए तो पहले से अशंकालिक सुविधा उपलब्ध थी।
परिषद का मानना है कि अब लखानी की नियुक्ति से हिंदू छात्रों को भी काफी लाभ मिलेगा।
लखानी की नियुक्ति की बाबत इस वर्ष के प्रारंभ में एटोनी कालेज के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक बैठक भी हुई थी।
बैठक में सर्वसम्मति से लखानी के नाम पर मुहर लगाई गई। स्कूल के धार्मिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष माइकल विलकाक्सन ने बताया कि उन्होंने लखानी को विज्ञान और हिंदूत्व के बारे में छात्रों को शिक्षित करने की सलाह दी है।
फिलहाल लखानी भी कालेज के इस फैसले से काफी खुश हैं। लखानी ने बताया कि 20 अप्रैल से शैक्षणिक कार्य शुरू करेंगे।
गौरतलब है कि एटोन कालेज दुनिया के प्रसिद्ध व प्राचीन कालेजों में से एक है। इसकी स्थापना वर्ष 1440 में की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
