मंदिर जाने पर विधवा का मुंह काला कर गांव में घुमाया
रांची, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद जिले में एक विधवा को मंदिर में पूजा-अर्चना करना काफी मंहगा पड़ा।
ग्रामीणों की आज्ञा के विरुद्ध मंदिर में प्रवेश करने पर इस महिला का मुंह काला किया गया, जूतों की माला पहनाई गई और पूरे गांव का चक्कर कटवाया गया। यह शर्मनाक घटना जिले के पावापुर गांव में घटी।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक ग्रामीणों ने इस गांव में रहने वाली कलावती देवी के काली देवी मंदिर में प्रवेश पर रोक लगा रखी थी।
ग्रामीणों को अंधविश्वास था कि कलावती की वजह से ही उसके पति की मौत हुई है और इस महिला के मंदिर में प्रवेश करने से अन्य महिलाओं को भी नुकसान हो सकता है।
लेकिन मंगलवार को कलावती ने मंदिर में प्रवेश कर लिया। जैसे ही इस बारे में ग्रामीणों को जानकारी मिली वे सब मंदिर के समीप एकत्रित हो गए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने कलावती को जूतों की माला पहनाई। उसका मुंह काला किया और पूरे गांव में घुमाया।
एक दिन बाद अर्थात बुधवार को पीड़ित महिला ने इस संबंध में छह पुरुषों और 30 महिलाओं के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
