सेंसेक्स ने सप्ताहांत में फिर लगाया गोता
मुंबई, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। देश में महंगाई दर में अप्रत्याशित तेजी और भारतीय रिजर्व बैंक के द्वारा सीआरआर (नगद आरक्षित अनुपात) में वृद्धि की संभावनाओं पर चर्चाओं के बीच देश के प्रमुख शेयर बाजार सप्ताहांत में मंदड़ियों की गिरफ्त में रहे।
मुंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक आज 489.43 अंक यानी 3.09 फीसदी गिरकर 158,343.12 के स्तर पर बंद हुआ। राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 124.60 अंक यानी 2.61 फीसदी टूटकर 4,647 के स्तर पर बंद हुआ।
पूंजीगत वस्तुओं, ऊर्जा, बैंकिंग और दूरसंचार कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली का दबाब देखा गया। बीएसई के सभी खंडों के सूचकांक में नरमी का माहौल रहा। सप्ताह भर में भारतीय शेयर बाजारों में हुए कारोबार के आकलन से पता चलता है कि इस हफ्ते सेंसेक्स ने कुल जमा एक हजार से अधिक अंकों का गोता लगाया।
बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांक में भी आज नरमी का दौर रहा। मिडकैप सूचकांक 124.38 अंक यानी 1.95 फीसदी गिरकर 6,262.85 के स्तर पर बंद हुआ। स्मालैकैप सूचकांक 125.30 अंक यानी 1.60 फीसदी कमजोर होकर 7,714.99 के स्तर पर बंद हुआ।
बीएसई में आज जिन कंपनियों के शेयरों के भाव गिरे उनमें प्रमुख हैं: भेल, एएचडीएफसी, एम एंड एम व एल एंड टी वहीं, टाटा स्टील, सुजलान एनर्जी और हीरो होंडा के शेयरों के भाव चढ़े।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
