उप्र की जेलों में छापे, बैरक में मिला टीवी (लीड)
लखनऊ , 4 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की कई जेलों में आज की गयी छापे की कार्रवाई में जहां गाजीपुर जिला जेल में बंद सपा सांसद अफजल अंसारी से मुलाकात करने आया एक व्यक्ति गिरफ्तार किया गया वहीं बरेली जेल में बंद माफिया सरगना बबलू श्रीवास्तव और उसके सहयोगी मंगे सरदार की बैरक में टीवी लगा पाया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक बृजलाल ने बताया कि गाजीपुर जिला जेल में सांसद अफजल अंसारी से मिलने आए अनिल राय नामक व्यक्ति के हाथ में मुहर तो लगी थी लेकिन प्रवेश द्वार पर रखे रजिस्टर पर उसकी आमद दर्ज नहीं थी। बरेली जेल में बबलू और मंगे टीवी का लुत्फ उठाते मिले।
एडीजी के अनुसार आज बुलंदशहर, अलीगढ़, गोरखपुर, कानपुर शहर, इलाहाबाद, सुलतानपुर, बरेली, रायबरेली, देवरिया, गाजीपुर, वाराणसी, बदायूं, मेरठ जेलों में छापे की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि छापे में की गई कार्रवाई में ब्लेड, सिगलेट, बीड़ी, कैंची जैसी सामान्य वस्तुएं मिलीं।
उधर सूत्रों का कहना है कि आज के छापे की खबर लीक हो गयी थी और यही कारण है कि जेलों में कुछ खास नहीं मिला वरना यह तथ्य स्थापित है कि यूपी की जेलों में क्या-क्या नहीं होता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
