रानी की याचिका पर सुनवाई 9 अप्रैल को
औरंगाबाद, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई उच्च न्यायालय में बालीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी की शिरडी जमीन मामले की सुनवाई 9 अप्रैल को होगी।
मुखर्जी ने गुरुवार को उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार के पास जमीन की खरीद संबंधी तमाम दस्तावेज और एक शपथ पत्र जमा करवाया था।
उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति भूषण गवई ने रानी की सुविधानुसार इस मामले की सुनवाई के लिए 9 अप्रैल की तिथि निर्धारित की।
गौरतलब है कि शिरडी जमीन सौदे में अनियमितता के आरोप में अहमदनगर जिला प्रशासन ने इस जमीन से रानी के मालिकाना हक रद्द कर दिए थे।
जिले के शिरामपुर उप मंडलीय अधिकारी ने रानी को कृषि योग्य जमीन खरीदने के आरोप में जुर्माने का भुगतान करने या फिर इस जमीन को नींगावकोवली गांव को वापस करने के आदेश दिए थे।
प्रशासन का कहना है कि इस जमीन पर काफी समय पहले चीनी की एक फैक्ट्री थी। फैक्ट्री के बंद होने के बाद प्रदेश सरकार ने इस जमीन को महाराष्ट्र राज्य कृषि संघ (एमएसएफसी) को सौंप दिया था।
प्रशासन के मुताबिक कुछ समय बाद एमएसएफसी ने इस जमीन को उसके असली मालिक (जो कि किसान है) को ही बेच दिया था।
वर्ष 2005 में रानी ने इस किसान से यह जमीन खरीदी थी। लेकिन जब रानी ने इस जमीन के रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया तो जिला प्रशासन ने रजिस्ट्रेशन करने से इंकार कर दिया था।
प्रशासन की ओर से तर्क दिया गया कि कृषि योग्य भूमि को केवल किसान ही खरीद सकते हैं अन्य लोग नहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
