मलेशिया प्रशासनिक सेवा में भारतीयों के लिए आरक्षण की मांग
कुआलालंपुर, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। मलेशियन इंडियन कांग्रेस (एमआईसी) ने मलेशिया प्रशासनिक सेवा में भारतीय मूल के मलेशियाई लोगों के लिए आठ फीसदी आरक्षण की मांग की है।
मलेशिया के पूर्व मंत्री और एमआईसी अध्यक्ष एस. सामी वेल्लू ने मलेशिया की प्रशासनिक सेवाओं में यहां रहने वाले भारतीयों की अधिक से अधिक भागीदारी पर जोर दिया है।
वेल्लू ने गुरुवार को पार्टी के अन्य नेताओं के साथ इस मुद्दे पर विचार-विमर्श करते हुए कहा, " भारतीयों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यहां रहने वाले भारतीयों के लिए प्रशासनिक सेवाओं में कम से कम आठ फीसदी आरक्षण तो होना ही चाहिए।"
समाचार पत्र 'न्यू स्ट्रेस टाइम्स' ने वेल्लू के हवाले से लिखा है, "जल्द ही इस संबंध में एमआईसी का एक प्रतिनिधिमंडल सीनेटर अमीरशाम ए.अजीज से मुलाकात करेगा।"
इस नेता का मानना है कि मलेशिया सरकार की ओर से भारतीय मूल के लोगों को विकास के समुचित अवसर नहीं प्रदान किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
