जम्मू व कश्मीर में सेना जमीनों के लिए अधिक किराया देगी
जम्मू, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर में सेना द्वारा अधिगृहित जमीनों के लिए सरकार ने किराए में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। केंद्र सरकार ने रक्षा मंत्रालय के सुझावों पर किरायों में वृद्धि की है।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल एस.डी. गोस्वामी ने बताया, "विभिन्न श्रेणी की जमीनों के किरायों में 2.1 से 5 गुना की वृद्धि की गई है। "
प्रवक्ता के मुताबिक किराये की नई दरों को 16 फरवरी 2008 से आगामी पांच वर्षो के लिए लागू किया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत प्रतिवर्ष के लिहाज से सिंचाई योग्य प्रथम श्रेणी की भूमि का किराया प्रति कैनल (एक एकड़ का आठवा हिस्सा) 1,123 रुपये से बढ़ाकर 3,381 रुपये किया गया है।
इसी प्रकार सिंचाई और दो फसलों वाली कृषि योग्य भूमि का किराया प्रतिवर्ष के हिसाब से प्रति कैनल 1,688 रुपये से बढ़ाकर 4,087 रुपये किया गया है।
इसी प्रकार दूसरी श्रेणी की सिंचाई योग्य भूमि का किराया 1,125 रुपये से बढ़ाकर 3,200 रुपये और गैर सिंचाई योग्य भूमि का किराया प्रति कैनल 563 रुपए से बढ़ाकर 1,390 रुपये सालाना किया गया है।
तीसरी श्रेणी की गैर कृषि योग्य भूमि का किराया 413 रुपये से बढ़ाकर 895 रुपये किया गया है।
इसी प्रकार फलों के बगीचों वाली जमीनों का किराया प्रति कैनल 1,575 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये किया गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि श्रीनगर नगर निगम, जम्मू नगर निगम, पूंछ नगर परिषद और श्रीनगर/जम्मू छावनी क्षेत्र में प्रति कैनल के हिसाब से सालाना किराया 6,750 रुपये से बढ़ाकर 33,750 रुपये किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
