छत्तीसगढ़ मंत्री के बयान के बाद बवाल
रायपुर, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री अजय चंद्राकर के एक बयान से राज्य में राजनीतिक भूकंप आ गया है।
गुरुवार को स्कूली शिक्षा में सरकारी-निजी सहयोग पर होने वाले एक कार्यशाला में चंद्राकर ने निर्धन वर्ग के बच्चों के बारे में कहा, "क्या इन बच्चों को सरकार ने पैदा किया है ?"
उनके शब्दों में, "लोग कहते हैं कि सरकार को बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठानी चाहिए, लेकिन क्या इन बच्चों को सरकार ने पैदा किया है?"
मंत्री के इस बयान के बाद कांग्रेस, शिव सेना और समाजवादी दल सहित समूचा विपक्ष और अनेक गैर-सरकारी संगठन सरकार के विरुद्ध लामबंद दिखाई पड़ रहे हैं।
ताजा घटनाक्रम में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज यातायात में रुकावट पैदा की और निर्धन अभिभावकों की संवेदनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए मंत्री से इस्तीफे की मांग की है।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का इस प्रकरण पर कहना है, "मुख्यमंत्री रमन सिंह को जनता से माफी मांगनी चाहिए। एक वरिष्ठ मंत्री द्वारा इस तरह के बयान दिया जाना बहुत अफसोस की बात है।"
इसके विपरीत शिक्षा मंत्री ने आईएएनएस को जानकारी दी कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है।
गौरतलब है कि इस मसले पर सरकार की ओर से अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन आशंका व्यक्त की जा रही है कि निर्धन वर्ग द्वारा बच्चों की स्कूली शिक्षा के लिए सरकार पर आश्रित रहने के कारण नवंबर के विधानसभा चुनावों में यह मुद्दा एक बड़ा चुनावी रूप ले सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
