उमा की पार्टी वास्तु दोष की चपेट में
भोपाल, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की भारतीय जनशक्ति पार्टी को वास्तु दोष से ग्रसित बताया जा रहा है। पार्टी में मचे अंदरुनी घमासान और उमा भारती के खिलाफ पार्टी में बन रही बगावत की स्थिति का कारण भी इसी वास्तु दोष को माना जा रहा है। यही वजह है कि एक वास्तु विशेषज्ञ की सलाह पर भोपाल स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय को दूसरे जगह स्थानांतरित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि भारतीय जनशक्ति पार्टी में उमा भारती के नेतृत्व को उनके ही करीबी सहयोगी रहे प्रह्लाद पटेल और उनके समर्थकों से लगातार चुनौती मिल रही है। इसके अलावा पार्टी की युवा इकाई के पदाधिकारी संतोष सिंह और पार्टी से जुड़े एक पूर्व सांसद की असमय हुई मौत को भी वास्तु दोष से जोड़कर देखा जा रहा है। इसी बीच उमा भारती के खिलाफ कुछ तांत्रिक अनुष्ठान कराए जाने की खबरें भी आई है। इन्हीं सारी बातों के मद्देनजर पार्टी के कुछ नेताओं ने जब ज्योतिषियों और वास्तु विशेषज्ञों की शरण ली तो उन्हें पार्टी कार्यालय को किसी दूसरे स्थान पर ले जाने की सलाह दी गई। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक त्रिपाठी आईएएनएस से बातचीत में माना कि ज्योतिषियों और वास्तुविदों के परामर्श पर ही पार्टी कार्यालय को महाराणा प्रताप नगर जोन-2 से जोन -1 में स्थानांतरित किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
