आर्थिक सहयोग बढ़ाएंगे आसियान देश
डा नांग सिटी (वियतनाम), 4 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण पूर्वी एशियाई देशों के संगठन (आसियान)में शामिल देशों के वित्तमंत्री आज यहां एक बैठक में वैश्विक और क्षेत्रीय परिस्थितियों पर चर्चा कर आपस में आर्थिक सहयोग बढ़ाने के लिए दिशा निर्देश तैयार कर रहे हैं।
वित्तमंत्रियों की यह 12 वीं बैठक वियतनाम के डा नांग सिटी में आयोजित की गई है। बैठक में आसियान के दस सदस्य देशों के चीन, जापान और दक्षिण कोरिया के साथ सहयोग पर भी चर्चा की जाएगी।
आसियान के सदस्य देश हैं, ब्रूनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाइलैंड और वियतनाम।
स्वागत भाषण देते हुए वियतनाम के उप प्रधानमंत्री न्गुयेन सिंह हुंग ने कहा, "मैं आशा करता हूं कि सभी वित्तमंत्री आपसी बातचीत द्वारा इस आर्थिक मंदी, मुद्रास्फीति और सामाजिक असुरक्षा को दूर करने पर विचार करेंगे ताकि क्षेत्र के सभी देशों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो।"
उन्होंने कहा कि कमजोर पड़ती विश्व अर्थव्यवस्था के कारण आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों में जो इजाफा हुआ है आसियान के सदस्य भी उससे अछूते नहीं हैं।
इस सम्मेलन के दौरान सभी वित्तमंत्रियों द्वारा आसियान देशों के वित्तीय सेवाओं संबंधी समझौते के तहत चौथे पैकेज के मसौदे पर दस्तखत किए जाने हैं।
सम्मेलन का प्रमुख लक्ष्य हैं, व्यापार पर लगी रोक हटा कर आपसी व्यापार बढ़ाना और सदस्य देशों के बीच आपसी सेवाएं बढ़ाना।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
