केरल सरकार को हाईकोर्ट की फटकार, पूछा- सबरीमाला में 15000 पुलिसकर्मियों की तैनाती क्यों की गई?
नई दिल्ली। सबरीमाला मंदिर में हर आयुवर्ग की महिलाओं के प्रवेश को लेकर घमासान मचा है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भगवान अयप्पा के भक्तों द्वारा लगातार विरोध हो रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, सरकार ने 15 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती मंदिर के आसपास की है जिसपर केरल हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को फटकार लगाई है और इस मामले में जबाव तलब किया है।

'15 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती क्यों की गई?'
सबरीमाला में पुलिस के सख्त रवैये के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को फटकार लगाई और पूछा कि 15 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती क्यों की गई है। इस संबंध में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी को कोर्ट में पेश होने को भी कहा गया है। अदालत ने कहा कि कानून-व्यवस्था के नाम पर सरकार इस प्रकार की तैनाती कैसे कर सकती है? वहीं, कोर्ट ने श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाएं मुहैया न कराने को लेकर भी राज्य सरकार को फटकार लगाई है। बता दें कि पुलिस ने अब तक 3,505 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है और 529 केस दर्ज किए गए हैं।

आतंकी नहीं हैं भक्त: अल्फोंस
वहीं, सोमवार सुबह हालात का जायजा लेने सबरीमाला पहुंचे केंद्रीय मंत्री अल्फोंस ने भी भारी पुलिस बल की तैनाती पर सवाल उठाया। अल्फोन्स ने कहा कि यहां इमरजेंसी से भी बदतर हालात हो गए हैं। भक्तों को आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा। आतंकी नहीं हैं भक्त, 15 हजार पुलिसकर्मियों की जरूरत क्यों पड़ गई?

सबरीमाला में भारी पुलिसबल की तैनाती पर उठे सवाल
बता दें कि पुलिस ने रविवार को सन्नीधानम में 100 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर लिया था जब वे मंदिर के बाहर जमा होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बाद से ही विरोध प्रदर्शन और तेज हो गया है और केरल सरकार के खिलाफ श्रद्धालुओं ने नारेबाजी भी की। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने देर रात प्रदर्शन किया।












Click it and Unblock the Notifications