Success Story: कभी पढ़ाई के लिए बेचे अखबार तो कभी पढ़ाया ट्यूशन,जानिए ये मिसेज इंडिया कैसे बनीं PCS से IAS?
Ritu Suhas IAS Success Story: 'कौन कहता है आसमां में छेद नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारों... यही मानना है यूपी की चर्चित महिला अफसर ऋतु सुहास का, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से ये साबित किया कि सफलता किसी की बपौती नहीं है।
सक्सेस स्टोरी की कड़ी में आज हम आपको बताएंगे इस खूबसूरत अधिकारी की जर्नी के बारे में, जिनकी कहानी काफी प्रेरणादायक और रोचक है।

आपको बता दें कि 16 अप्रैल 1976 को लखनऊ में जन्मी ऋतु सुहास का बचपन काफी संघर्ष से गुजरा है, उनके पिता आरपी शर्मा लखनऊ हाईकोर्ट के वकील थे, लेकिन उनकी आर्थिक हालात अच्छे नहीं थे, इसलिए उन्हें पढ़ाई करने के लिए काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने नवयुग गर्ल्स कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की और सरकारी नौकरी की तैयारी करने का फैसला किया लेकिन उनके घरवाले इसके खिलाफ थे क्योंकि उन्हें लड़कियों का नौकरी करना पसंद नहीं था लेकिन इसके बावजूद ऋतु ने अपना फैसला नहीं बदला और बिना किसी की परवाह किए तैयारी में जुट गईं।
कभी पढ़ाई के लिए बेचे अखबार तो कभी पढ़ाया ट्यूशन
पैसे का सपोर्ट नहीं था इसलिए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए ऋतु को अखबार तक बेचना पड़ा और ट्यूशन भी पढ़ाना पड़ा, वो सेल्फ स्टडी कर रही थीं, उन्होंने किसी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया।
मेहनत रंग लाई और ऋतु ने यूपीपीसीएस की परीक्षा पास कर ली
साल 2004 में उन्होंने यूपीपीसीएस की परीक्षा पास की और इसके बाद तो उनके दिन ही बदल गए वो अधिकारी बन गईं, अपनी मेहनत और ईमानदारी की वजह से वो बहुत जल्द ही लोकप्रिय हो गईं और इसी वजह से उन्हें प्रमोशन मिला और वो IAS ऑफिसर बन गईं।
सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चित रहती हैं ऋतु सुहास
ऋतु सुहास बहुत ज्यादा सुंदर हैं और इस कारण भी वो सोशल मीडिया पर काफी चर्चित रहती हैं। उनकी शादी लोकप्रिय आईएएस अफसर सुहास एलवाई से हुई है, जो कि टोक्यो पैरालंपिक में सिल्वर मेडल जीत चुके हैं। शादी से दोनों को दो बच्चे हैं।
2019 में मिसेज इंडिया प्रतियोगिता जीती और रचा इतिहास
ऋतु 2019 में मिसेज इंडिया प्रतियोगिता की विजेता भी रह चुकी हैं। अपने अंदाज और लुक की वजह से भी हमेशा महिलाओं के बीच चर्चा के केंद्र में रहती हैं। वो करोड़ों लोगों के लिए आज मिसाल बन गई हैं।
हर चीज में सकारात्मक पहलू देखना चाहिए: ऋतु सुहास
ऋतु सुहास का मानना है कि 'हर किसी को सपने देखने चाहिए और उस सपने को पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करनी चाहिए, कभी निराश नहीं होना चाहिए और हर चीज में सकारात्मक पहलू देखना चाहिए, लोग क्या कहेंगे, ये सोचने के बजाय हमेशा लक्ष्य पर ध्यान देंगे तो आपको सफल होने से कोई भी रोक नहीं सकता है, हो सकता है कि पहले प्रयास में सफलता ना मिले लेकिन घबराए नहीं, मेहनत करते रहें, एक ना एक दिन सक्सेस जरूर मिलेगी।'












Click it and Unblock the Notifications