केरल: मौत के बाद भी 6 जिंदगियां रौशन कर गया 10वीं टॉपर सारंग, रिजल्ट से पहले सड़क हादसे में गई जान
Kerala Boy Organ Donation: केरल के एक 10वीं क्लास के छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई, जिसके बाद उसके अंगदान से 6 लोगों की नई जिंदगी मिली है।

अपने बच्चे की मौत के बाद एक परिवार ने ऐसा कदम उठाया है, जो एक नहीं बल्कि 6 जिंदगियों को रौशन कर देगी। केरल के तिरुवनंतपुरम में रिजल्ट घोषित होने से पहले ही सड़क दुर्घटना में एक 10वीं कक्षा के टॉपर की मृत्यु हो गई, जिसने अपने अंग दान कर छह लोगों की जान बचाई है।
जानकारी के मुताबिक तिरुवनंतपुरम के 10वीं कक्षा के टॉपर बीआर सारंग (16) की बुधवार को सड़क दुर्घटना के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। एसएसएलसी परीक्षा (SSLC Exam) में ए प्लस स्कोर करने वाले सारंग ने छह लोगों को नया जीवन दिया है।
शिक्षा मंत्री हुए भावुक
केरल के शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी ने एसएसएलसी परिणाम घोषित करते हुए किशोर सारंग को श्रद्धांजलि दी। भावुक शिक्षा मंत्री ने कहा कि ग्रेस मार्क्स की मदद के बिना, सारंग ए प्लस स्कोर करने में कामयाब रहे। मंत्री ने सारंग को एक फुटबॉल खिलाड़ी और केरल ब्लास्टर्स टीम के फैन के रूप में याद किया। मंत्री ने अंग दान करने के फैसले के लिए छात्र के परिवार की भी सराहना की।
स्वास्थ्य मंत्री ने किया पोस्ट
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा कि उन्होंने (सारंद) दो किडनी, लीवर, हार्ट वॉल्व और दो कॉर्निया दान किए हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- आज जब SSLC का रिजल्ट आया तो सारंग हमारे बीच नहीं हैं। तिरुवनंतपुरम अत्तिंगल निवासी सारंग (16) ने 6 लोगों को नई जिंदगी दी। एक कार दुर्घटना के बाद ब्रेन डेड होने के बाद सारंग की दो किडनी, लीवर, हार्ट वॉल्व और दो कॉर्निया दान की गई थीं।
उन्होंने आगे लिखा कि सारंग भी एक बच्चा था, जो एक खिलाड़ी बनना चाहता था और फुटबॉल से बहुत प्यार करता था। पुत्र की मृत्यु के कष्टकारी पीड़ा के बावजूद अंगदान के लिए आगे आए परिजनों का निर्णय अनुकरणीय है।
6 मई को हुआ था हादसा
बता दें कि गवर्नमेंट बॉयज एचएसएस, एटिंगल का छात्र सारंग 6 मई को दुर्घटना का शिकार हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। एसएसएलसी परिणाम घोषित होने से पहले बुधवार सुबह छात्र का निधन हो गया।सारंग का तिरुवनंतपुरम के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। बुधवार को उनके ब्रेन डेड होने की पुष्टि हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications