IPS शक्ति मोहन अवस्थी ने UPSC की तैयारी करने वालों के लिए उठाया शानदार कदम
यूपी कैडर के आईपीएस शक्ति मोहन अवस्थी ने आजमगढ़ में लाइब्रेरी व क्यूबिकल्स स्थापित किए हैं। लाइब्रेरी यूपीएससी की तैयारी करने वालों के लिए है।

IPS Shakti Mohan Awasthi Motivational Story: देश की सबसे मुश्किल परीक्षाओं में से एक संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा पास करने वाले आईएएस व आईपीएस जैसे उच्च पदों पर पहुंचते हैं। इसके बाद ज्यादातर अफसर अपने सरकारी कामकाज में व्यस्त हो जाते हैं, मगर इस मामले में आईपीएस अधिकारी शक्ति मोहन अवस्थी ने शानदार कदम उठाया है।

हर तरफ तारीफ हो रही
उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस शक्ति मोहन अवस्थी ने आजमगढ़ में विशेष लाइब्रेरी व क्यूबिकल्स स्थापित किए हैं। लाइब्रेरी यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा और अन्य प्रतियोगिता की परीक्षाओं की तैयारी करने वाले पुलिसकर्मियों व उनके बच्चों के लिए है। वे यहां घंटे बैठकर पढ़ सकते हैं। आईपीएस शक्ति मोहन अवस्थी के इस कदम की हर तरफ तारीफ हो रही है।

क्या खास बात है लाइब्रेरी की?
आईपीएस शक्ति मोहन अवस्थी की ओर से स्थापित की गई लाइब्रेरी हाइटेक है। इसमें पुलिस रेगुलेशंस एक्ट, एविडेंस एक्ट, आईपीसी व सीआरपीसी और पुलिस जांच में काम आने वाली किताबें रखी गई हैं। इसमें नेशनल बुक ट्रस्ट, एनसीआरटी, दर्शन शास्त्र व प्रतियोगी परीक्षाओं समेत अन्य कई बुक रखवाई जाएंगी।

आईपीएस शक्ति मोहन अवस्थी नोएडा के एडीसीपी
दरअसल, आईपीएस शक्ति मोहन अवस्थी वर्तमान में नोएड के एडिशनल डीसीपी हैं। नोएडा से पहले आजमगढ़ के एएसपी थे। एएसपी रहते ही शक्ति मोहन अवस्थी ने लाइब्रेरी खोलने की दिशा में कदम बढ़ा दिए थे। इसमें आजमगढ़ के तत्कालीन एसपी अनुराग आर्या ने उनकी काफी मदद की। बीते सप्ताह ही लाइब्रेरी पाठकों के लिए खोल दी गई।

तीन साल राजेंद्र नगर में रहे
टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार शक्ति मोहन अवस्थी दिल्ली के राजेंद्र नगर में तीन साल रहे और यूपीएससी की तैयारी की। यूपीएससी की तैयारी करने वालों का गढ़ कहे जाने वाले राजेंद्र नगर की गली-गली में लाइब्रेरी व क्यूबिकल्स बने हुए हैं। यहीं से आईपीएस शक्ति मोहन अवस्थी को भी आजमगढ़ में लाइब्रेरी व क्यूबिकल्स का आइडिया आया।
पत्नी आईएएस अधिकारी
उल्लेखनीय है कि शक्ति मोहन अवस्थी तीसरे प्रयास में आईपीएस बने। इन्होंने यूपीएससी में 154वीं रैंक हासिल की थी। पहले उनका चयन आईआरएस पद पर हुआ था। मूलरूप से यूपी के लखनऊ के रहने वाले शक्ति मोहन अवस्थी की पत्नी डॉ पूजा आईएएस अधिकारी हैं। पूजा ने यूपीएससी 2021 में 42वीं रैंक हासिल की थी।












Click it and Unblock the Notifications