Success Story: 19 साल का गौरव विश्वकर्मा कौन सी ट्रिक से बना IT इंस्पेक्टर, पूरे खानदान में पहला अफसर
Gaurav Vishwakarma Youngest Income Tax Inspector: कामयाबी के लिए सिर्फ कड़ी मेहनत चाहिए। उम्र तो महज एक नंबर है। इसका जीता-जागता उदाहरण हैं गौरव विश्वकर्मा, जिन्हें भारत में सबसे कम उम्र में आयकर निरीक्षक बनने का 'गौरव' हासिल हुआ है। 19 वर्षीय गौरव की सक्सेस स्टोरी उन युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है, जो कॉलेज की पढ़ाई पूरी कर लेने के कई साल बाद तक तय नहीं कर पाते कि किस क्षेत्र में करियर बनाना है।
गौरव विश्वकर्मा ने 12वीं पास करते ही महज 18 साल की उम्र में कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त उच्चतर माध्यमिक स्तरीय परीक्षा (SSC CHSL) पास की, और फिर कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के साथ ही 19 वर्ष की उम्र में SSC CGL परीक्षा क्रैक कर इतिहास रच दिया।

Who is Gaurav Vishwakarma: गौरव विश्वकर्मा कौन हैं?
सबसे कम उम्र के इनकम टैक्स इंस्पेक्टर बनने वाले गौरव विश्वकर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के रहने वाले हैं। गौरव का जन्म 1 जुलाई 2005 को हुआ। उनके पिता किसान हैं और मां गृहिणी। परिवार में दो छोटी बहनें हैं। उन्होंने यूपी बोर्ड से स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज, जालौन से पढ़ाई की है। गौरव अपनी सफलता का श्रेय गणित के शिक्षक (क्लास टीचर) श्यामजी को देते हैं।
Gaurav Vishwakarma Success Story: गौरव का इंटरव्यू और सक्सेस स्टोरी
Careerwill SSC 2025 यूट्यूब चैनल पर दिए इंटरव्यू में गौरव ने बताया कि उन्होंने SSC CGL 2024 में अखिल भारतीय स्तर पर 552वीं रैंक हासिल की है। उन्हें आयकर विभाग में इंस्पेक्टर का पद मिला है। गौरव अपने पूरे खानदान में सरकारी नौकरी पाने वाले पहले शख्स हैं।
इससे पहले, SSC CHSL पास करके गौरव ने आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार में नौकरी पाई थी। उस नौकरी के दौरान ही उन्होंने SSC CGL की तैयारी की और सफल भी हुए। अब 21 साल की उम्र में गौरव UPSC सिविल सेवा परीक्षा में भाग लेंगे ताकि IAS या IPS बनने का सपना पूरा कर सकें।
Gaurav Vishwakarma Motivational Story: गौरव विश्वकर्मा को प्रेरणा कहां से मिली?
गौरव ने इंटरव्यू में बताया कि उनके पापा चाहते थे कि वे सरकारी नौकरी करें, लेकिन परिवार में मार्गदर्शन देने वाला कोई नहीं था। यह जिम्मेदारी उनके क्लास टीचर श्यामजी ने निभाई। श्यामजी ने उन्हें बताया कि अगर सही दिशा में मेहनत की जाए तो कम उम्र में भी सरकारी नौकरी पाना संभव है। उन्होंने SSC की तैयारी के लिए गणित की खास किताबें भी सुझाईं।
Gaurav Vishwakarma SSC CGL 2024: कॉलेज का रिजल्ट आया आखिरी तारीख को
SSC CGL 2024 के लिए केवल वे ही अभ्यर्थी पात्र थे जिन्होंने 1 अगस्त 2024 तक स्नातक कर लिया था। संयोग देखिए कि गौरव की फाइनल ईयर का रिजल्ट भी ठीक उसी दिन, यानी 1 अगस्त 2024 को आया। हालांकि, उन्होंने परीक्षा की तैयारी काफी पहले से शुरू कर दी थी।

गौरव का मूलमंत्र क्या है?
गौरव कहते हैं कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफल होने के लिए सबसे पहले पूरे पाठ्यक्रम को अच्छे से समझना चाहिए। उसके बाद मॉक टेस्ट और रिवीजन पर पूरा ध्यान देना चाहिए।
गौरव बताते हैं कि SSC CGL के लिए उन्होंने प्रीलिम्स में 200 से 250 और मेन्स में 70-80 मॉक टेस्ट दिए। उनका स्कोर लगातार 340 से 360 के बीच आता था, जिससे उन्हें अंदाजा हो गया था कि चयन हो जाएगा। आखिरकार उन्होंने 345 अंक हासिल किए और आयकर इंस्पेक्टर बन गए।
यह भी पढ़ें- IAS आस्था सिंह: 21 की उम्र में UPSC क्रैक करने से क्या फायदा, कलेक्टर के बाद कौन-कौन से ताकतवर पद मिलेंगे?












Click it and Unblock the Notifications