गर्मियों में बच्चों को रखना है फिट और एक्टिव? डाइट में शामिल करें ये 5 सुपरफूड्स, डिहाइड्रेशन से होगा बचाव
Summer Foods For Kids: गर्मियों की छुट्टियां बच्चों के लिए मौज-मस्ती, आउटडोर गेम्स और नई गतिविधियों का समय होती हैं लेकिन बढ़ता तापमान और तेज धूप बच्चों की सेहत पर नकारात्मक असर भी डाल सकती है। इस मौसम में अक्सर बच्चों में पानी की कमी, थकान,भूख कम लगना और चिड़चिड़ापन जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं।
बच्चों की डाइट में शामिल करें सुपरफूड्स
ऐसे में माता-पिता की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वह बच्चों की डाइट में ऐसी चीजें शामिल करें जो शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ जरूरी पोषण भी प्रदान करें। कुछ आसान और नेचुरल फूड आइटम्स बच्चों को गर्मी से बचाने और दिनभर एनर्जी से भरपूर रखने में मदद कर सकते हैं।

गर्मियों में बच्चों को खिलाएं ये 5 सुपरफूड्स
1. तरबूज और खरबूजा
-गर्मियों के मौसम में तरबूज और खरबूजा सबसे फायदेमंद फलों में गिने जाते हैं। इनमें पानी की मात्रा बेहद अधिक होती है, जिससे शरीर में हाइड्रेशन बना रहता है। ये फल बच्चों को अंदर से ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ उनकी एनर्जी भी बनाए रखते हैं।
-तरबूज में मौजूद लाइकोपीन नामक तत्व त्वचा को तेज धूप के प्रभाव से बचाने में मदद करता है। बच्चों को ये फल आकर्षक तरीके से परोसने के लिए आप इन्हें छोटे-छोटे बॉल्स, फ्रूट कप या घर पर बने फ्रूट पॉप्सिकल्स के रूप में दे सकते हैं।
2. दही और छाछ
-गर्मी के मौसम में बच्चों का पाचन तंत्र अक्सर प्रभावित हो जाता है। ऐसे में दही और छाछ बेहद उपयोगी साबित हो सकते हैं। दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स आंतों की सेहत को बेहतर बनाए रखते हैं और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत करने में मदद करते हैं।
-ठंडी छाछ, फ्रूट रायता या हल्की लस्सी बच्चों के लिए स्वादिष्ट और पौष्टिक विकल्प हो सकते हैं। ये बाजार में मिलने वाले शुगर युक्त कोल्ड ड्रिंक्स और सॉफ्ट ड्रिंक्स की तुलना में कहीं ज्यादा हेल्दी विकल्प है।
3. खीरा और ककड़ी
-खेल-कूद में व्यस्त रहने वाले बच्चे कई बार पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भूल जाते हैं। ऐसे में खीरा और ककड़ी उनकी डाइट का अहम हिस्सा बन सकते हैं। इनमें पानी के साथ-साथ फाइबर भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो पाचन को बेहतर बनाता है और कब्ज जैसी समस्याओं से बचाव करता है।
-हल्का नमक, नींबू और चाट मसाला डालकर खीरे को स्वादिष्ट स्नैक में बदला जा सकता है। ये ऐसा हेल्दी विकल्प है जिसे बच्चे आसानी से पसंद करते हैं और दिनभर खा सकते हैं।
4. नारियल पानी
-बढ़ती गर्मी में बच्चों को एनर्जी देने के लिए नारियल पानी एक बेहतरीन विकल्प माना जाता है। इसमें मौजूद प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट्स, पोटैशियम और मैग्नीशियम शरीर में पानी और मिनरल्स का संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं।
-धूप से घर लौटने के बाद बच्चों को नारियल पानी देना शरीर को तुरंत तरोताजा करने का आसान और प्रभावी तरीका हो सकता है। ये कृत्रिम एनर्जी ड्रिंक्स और पैकेज्ड जूस की तुलना में कहीं अधिक सुरक्षित और पौष्टिक विकल्प है।
5. सत्तू का शरबत और आम पन्ना
भारतीय रसोई में मौजूद कई पारंपरिक पेय गर्मियों के लिए किसी प्राकृतिक औषधि से कम नहीं हैं। सत्तू का शरबत और आम पन्ना उन्हीं में से दो लोकप्रिय विकल्प हैं। सत्तू प्रोटीन और पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जो बच्चों को लंबे समय तक एनर्जी प्रदान करता है। वहीं कच्चे आम से बना आम पन्ना शरीर को लू से बचाने में मदद करता है और गर्मी के कारण होने वाली थकान को भी कम करता है। यदि इन्हें आकर्षक तरीके से परोसा जाए तो बच्चे इन्हें खुशी-खुशी पीते हैं।
सिर्फ डाइट नहीं, लाइफस्टाइल पर भी दें ध्यान
-विशेषज्ञों का मानना है कि गर्मियों में सिर्फ सही खानपान ही नहीं बल्कि दिनचर्या में भी कुछ बदलाव जरूरी होते हैं। बच्चों को बहुत ज्यादा तला-भुना और भारी भोजन देने से बचना चाहिए। इसके बजाय हल्का और पौष्टिक भोजन दिन में कई बार देना बेहतर माना जाता है।
-इसके अलावा बाहर खेलने जाने पर बच्चों के पास हमेशा पानी की बोतल होनी चाहिए, ताकि वह समय-समय पर पानी पीते रहें। पर्याप्त नींद और संतुलित आहार भी गर्मी के मौसम में उनकी सेहत को बेहतर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
बच्चों को डिहाइड्रेशन, थकान और गर्मी से बचाएं
गर्मियों का मौसम बच्चों के लिए जितना मजेदार होता है, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी साबित हो सकता है। सही खानपान और कुछ सरल आदतों को अपनाकर उन्हें डिहाइड्रेशन, थकान और गर्मी से होने वाली परेशानियों से बचाया जा सकता है। तरबूज, दही, खीरा, नारियल पानी और पारंपरिक पेय जैसे सत्तू व आम पन्ना न सिर्फ बच्चों को ठंडक पहुंचाते हैं बल्कि उनकी एनर्जी और हेस्थ को भी बेहतर बनाए रखते हैं। ऐसे में इस गर्मी उनकी थाली और ड्रिंक मेन्यू में इन सुपरफूड्स को जरूर शामिल करें।













Click it and Unblock the Notifications