Morning Detox Drink: सुबह खाली पेट जीरा, अजवाइन या मेथी का पानी? आपकी बॉडी के लिए कौन-सा है सबसे फायदेमंद?

Morning Detox Drink: आजकल सुबह खाली पेट जीरा, अजवाइन या मेथी का पानी पीने का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। सोशल मीडिया से लेकर हेल्थ एक्सपर्ट्स तक, इन घरेलू उपायों की खूब चर्चा करते हैं लेकिन अक्सर लोग ये भूल जाते हैं कि हर व्यक्ति की शारीरिक बनावट, पाचन शक्ति और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें अलग होती हैं। ऐसे में जो उपाय किसी एक व्यक्ति के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है, जरूरी नहीं कि वह दूसरे व्यक्ति पर भी वैसा ही असर दिखाए।

हर शरीर की जरूरत अलग, इसलिए एक ही नुस्खा सबके लिए नहीं
विशेषज्ञों का मानना है कि इन तीनों मसालों में अलग-अलग गुण मौजूद हैं और इनका चुनाव अपनी स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखकर करना चाहिए। सही विकल्प चुनने से फायदा मिल सकता है जबकि गलत चयन शरीर में असंतुलन भी पैदा कर सकता है।

Morning Detox Drink

सुबह उठकर पिएं कौन सा पानी?

1. पाचन को मजबूत बनाना है तो जीरा पानी हो सकता है बेहतर विकल्प

-अगर आपको अक्सर पेट फूलने, अपच या कब्ज जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है, तो जीरे का पानी आपके लिए उपयोगी साबित हो सकता है। जीरा शरीर के मेटाबॉलिज्म को एक्टिव करने में मदद करता है और पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में सहायक माना जाता है।

-इसके अलावा वजन नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए भी जीरा पानी अच्छा विकल्प है। ये शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है और त्वचा की चमक बढ़ाने में भी योगदान दे सकता है। इसकी तासीर अपेक्षाकृत संतुलित मानी जाती है, इसलिए इसे अधिकांश लोग आसानी से अपने रूटीन में शामिल कर सकते हैं।

गर्मियों में बच्चों को रखना है फिट और एक्टिव? डाइट में शामिल करें ये 5 सुपरफूड्स, डिहाइड्रेशन से होगा बचाव
गर्मियों में बच्चों को रखना है फिट और एक्टिव? डाइट में शामिल करें ये 5 सुपरफूड्स, डिहाइड्रेशन से होगा बचाव

2. गैस और एसिडिटी से परेशान हैं तो अजवाइन पानी दे सकता है राहत

-अजवाइन को पारंपरिक रूप से पेट से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी उपाय माना जाता है। जिन लोगों को भोजन के बाद गैस, पेट दर्द या एसिडिटी की शिकायत रहती है, उनके लिए अजवाइन का पानी लाभदायक हो सकता है।

-महिलाओं में पीरियड्स के दौरान होने वाली ऐंठन और असहजता को कम करने में भी इसका उपयोग किया जाता है। हालांकि इसकी तासीर गर्म मानी जाती है, इसलिए गर्मियों में या जिन लोगों को शरीर में अधिक गर्मी महसूस होती है, उन्हें इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए।

3. ब्लड शुगर और जोड़ों के दर्द में मेथी का पानी बन सकता है मददगार

-मेथी दाने को आयुर्वेद में औषधीय गुणों का खजाना माना गया है। ये खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद माना जाता है जो हाई ब्लड शुगर या इंसुलिन रेजिस्टेंस जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

-इसके अलावा जोड़ों के दर्द, बढ़े हुए यूरिक एसिड और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में भी मेथी के पानी की चर्चा होती है। कई लोग इसे बालों की सेहत के लिए भी उपयोगी मानते हैं। हालांकि गर्भवती महिलाओं को बिना विशेषज्ञ सलाह के इसका सेवन नहीं करना चाहिए।

भिगोकर पिएं या उबालकर? जानिए सही तरीका

इन मसालों का अधिकतम लाभ पाने के लिए इन्हें सही तरीके से तैयार करना भी जरूरी है। हेल्थ एक्सपर्ट्स आमतौर पर रातभर भिगोने की सलाह देते हैं। इसके लिए एक गिलास पानी में एक चम्मच जीरा, अजवाइन या मेथी डालकर पूरी रात छोड़ दें। सुबह इसे छानकर हल्का गुनगुना करके पिया जा सकता है। अगर रात में भिगोना संभव न हो, तो सुबह पानी में मसाला डालकर उबालना भी एक विकल्प है। पानी आधा रह जाने तक उबालने के बाद इसे छानकर धीरे-धीरे पिया जा सकता है।

सबसे बड़ी गलती जो अक्सर लोग कर बैठते हैं

अधिक लाभ की उम्मीद में कई लोग जीरा, अजवाइन और मेथी तीनों को एक साथ मिलाकर पीने लगते हैं लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार ऐसा करना उचित नहीं माना जाता। इन तीनों मसालों के गुण और प्रभाव अलग-अलग होते हैं, इसलिए इन्हें एक साथ लेने से कुछ लोगों को पाचन संबंधी परेशानी हो सकती है। इसके अलावा किसी एक पानी का लगातार कई महीनों तक सेवन करने के बजाय समय-समय पर बदलाव करना बेहतर माना जाता है। कुछ विशेषज्ञ 15 से 21 दिनों तक एक विकल्प अपनाने और फिर कुछ दिनों का अंतराल रखने की सलाह देते हैं।

सुबह खाली पेट ही क्यों पीने की सलाह दी जाती है?

सुबह उठने के बाद शरीर अपेक्षाकृत खाली अवस्था में होता है और पाचन तंत्र भी सक्रिय होने की तैयारी कर रहा होता है। ऐसे समय में इन मसालों से तैयार पानी का सेवन शरीर को बेहतर तरीके से लाभ पहुंचा सकता है। माना जाता है कि इससे पाचन तंत्र को सक्रिय होने में मदद मिलती है और शरीर की सफाई की प्राकृतिक प्रक्रिया को भी समर्थन मिलता है।

किसी भी घरेलू नुस्खे से पहले बरतें सावधानी

-हालांकि जीरा, अजवाइन और मेथी का पानी लंबे समय से घरेलू उपायों के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा है लेकिन किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए इन्हें इलाज का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। यदि आप डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हॉर्मोनल समस्या या किसी अन्य गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं तो नियमित रूप से सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर या आयुर्वेद विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है।

-जीरा, अजवाइन और मेथी तीनों ही सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं, किन सही चुनाव आपकी स्वास्थ्य जरूरतों पर निर्भर करता है। पाचन के लिए जीरा, गैस और एसिडिटी के लिए अजवाइन और ब्लड शुगर और जोड़ों की समस्याओं के लिए मेथी उपयोगी मानी जाती है। इसलिए किसी भी घरेलू नुस्खे को अपनाने से पहले अपनी बॉडी की जरूरत को समझना सबसे जरूरी है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+