Earthquake: भूकंप की तबाही में उजड़ा फुटबॉलर का परिवार, 74 घंटे की तलाश के बाद मिले पत्नी और बच्चों के शव
Venezuela Earthquake: वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप ने खेल जगत को बड़ा झटका दिया है। अर्जेंटीना के अनुभवी फुटबॉलर लुकास ट्रेजो की पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों के शव मलबे से बरामद किए गए हैं। ट्रेजो खुद अपने परिवार को तलाशने के लिए पिछले 74 घंटों से चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे थे। लेकिन आखिर में उन्हें यह दिल दहला देने वाली खबर मिली।
हो चुकी है करीब 1,430 लोगों की मौत (Venezuela Earthquake)
दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार को 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो के बाद एक दो भूकंप आए थे। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक कम से कम 1,430 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि हजारों लोग लापता हैं। ट्रेजो की पत्नी यानिना मारानेला, और उनके दो बच्चे आरोन और ऐनहोआ भूकंप के बाद से ही लापता थे। समय बीतने के साथ उनकी सलामती की उम्मीदें धुंधली होती गईं। तीन दिनों से अधिक समय तक मलबे में लगातार चली तलाश के बाद राहतकर्मियों को उनके शव मिले।

करीबी दोस्त ने फैंस को दी दर्दनाक खबर
इस दुखद घटना की पुष्टि ट्रेजो के करीबी दोस्त और फुटबॉलर एडसन टोर्टोलेरो ने सोशल मीडिया पर की। उन्होंने लिखा कि हम वेनेजुएला और अर्जेंटीना के लोगों को सूचित करते हैं कि लुकास ट्रेजो के परिवार के सदस्यों के शव मिल गए हैं। हम इस कठिन समय में सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हैं और परिवार के लिए गोपनीयता और सम्मान की अपील करते हैं।
मदद के लिए पहुंचा परिवार
लुकास ट्रेजो इस साल की शुरुआत में वेनेजुएला के क्लब 'क्लब स्पोर्ट मैरिटिमो डे ला गुआरा' से जुड़े थे। हालांकि, उनके करियर का एक बड़ा हिस्सा वेनेजुएला के विभिन्न क्लबों में खेलते हुए बीता है। उनके क्लब ने भी एक आधिकारिक बयान जारी कर इस क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया है। रिपोर्ट के मुताबिक संकट की इस घड़ी में ट्रेजो को संभालने के लिए उनके पिता और भाई भी अर्जेंटीना से वेनेजुएला पहुंच चुके हैं।
वेनेजुएला में 68 हजार से अधिक लोग लापता
भूकंप के कारण वेनेजुएला में भारी नुकसान पहुंचा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक वर्तमान में कम से कम 68,900 लोग अभी भी लापता हैं। आपातकालीन सेवाएं और राहत दल सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में मलबे को हटाकर जीवित बचे लोगों को तलाशने की रेस में जुटे हैं। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि जैसे-जैसे सुदूर इलाकों से संपर्क जुड़ रहा है और मलबा साफ हो रहा है, मृतक संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है। सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी कर अंतरराष्ट्रीय मदद की अपील की है।















Click it and Unblock the Notifications