Fact Check: TMC प्रत्याशी की धमकी वाला वीडियो निकला फेक, आधा हिस्सा ही हुआ था शेयर
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में तीसरे चरण के चुनाव की तैयारी जोरों पर है। इस बीच सोशल मीडिया पर टीएमसी उम्मीदवार कौशानी मुखर्जी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे बंगाल बीजेपी ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया। बीजेपी का आरोप है कि कौशानी उनके वोटर्स को धमकी दे रही हैं। साथ ही उन्होंने इसकी शिकायत भी चुनाव आयोग से की है। वहीं सोशल मीडिया यूजर्स भी बिना इसकी सच्चाई जाने तेजी से शेयर कर रहे हैं।

बंगाल बीजेपी ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें कौशानी कह रहीं कि घर पर सभी की माताएं और बहनें हैं, बीजेपी को वोट देने से पहले सोचें। वीडियो के साथ बीजेपी ने लिखा कि ये हैं बंगाल में टीएमसी उम्मीदवार कौशानी। देखें कैसे वो वोटर्स को धमकी दे रही हैं। ये है पिशी संस्कृति। बंगाल की महिलाएं निश्चित रूप से पिशी शासन में सुरक्षित नहीं हैं। इसके बाद इसे तेजी से वायरल किया गया। साथ ही इसी के आधार पर बीजेपी ने चुनाव आयोग से शिकायत की, लेकिन इस वीडियो की सच्चाई कुछ और है।
जांच करने पर पता चला कि वो वीडियो पूरा नहीं है। उसे एडिट करके कई शब्दों को छांट दिया गया। कौशानी ने इस मामले का पूरा वीडियो अपलोड किया है, जिसमें वो कुछ लोगों से कहती हैं देखो, युवा लड़को, इधर आओ, क्या आप बीजेपी से हैं? सभी के घर पर मां और बहनें हैं। वोट देने से पहले सोचें। अपनी मां और बहन की सुरक्षा के बारे में सोचें और फिर वोट दें। बंगाल सुरक्षित नहीं होगा अगर ममता दीदी नहीं होंगी। इसी वीडियो के कुछ हिस्से को एडिट कर शेयर किया जा रहा है। पूरे वीडियो के साथ कौशानी ने लिखा कि बीजेपी कह रही है कि बंगाल में महिलाएं नहीं सुरक्षित लेकिन केंद्र की रिपोर्ट इससे विपरीत है। बीजेपी आईटी सेल इस वीडियो का कुछ हिस्सा ही दिखा रही है। यूपी में महिलाएं नहीं सुरक्षित, हम सबने देखा जो हाथरस में हुआ, इसलिए बीजेपी के जाल में ना फंसे।

Fact Check
दावा
TMC प्रत्याशी कौशानी ने बीजेपी के वोटर्स को दी धमकी
नतीजा
वीडियो फेक है, आधा हिस्सा ही शेयर किया गया












Click it and Unblock the Notifications