Sonam Raghuvanshi: सोनम रघुवंशी की गिरफ्तारी पर बड़ा खुलासा! गाजीपुर के ढाबे की कहानी फर्जी निकली?
Sonam Raghuvanshi News: हनीमून पर गए पति राजा रघुवंशी की हत्या (Raja Raghuvanshi Case) करवाने की आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दावा किया जा रहा था कि उसे उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक ढाबे से गिरफ्तार किया गया है, लेकिन सोनम की गिरफ्तारी का यह दावा पूरी तरह भ्रामक निकला। मेघालय पुलिस ने पुष्टि की है कि सोनम को ढाबे से नहीं, बल्कि खुद थाने में सरेंडर करने के बाद हिरासत में लिया गया था।
सोशल मीडिया पर फैले दावे भ्रामक
मेघालय पुलिस ने 9 जून 2025 को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर सोनम रघुवंशी की गिरफ्तारी को लेकर जानकारी साझा की। साथ ही मीडिया से अपील की गई कि इस संवेदनशील मामले में गैर-पुष्ट खबरों और अटकलों से बचा जाए।

सोनम रघुवंशी की गिरफ्तारी में क्या था गलत दावा?
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया कि "शिलांग यात्रा के दौरान लापता हुई इंदौर की सोनम रघुवंशी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र स्थित एक ढाबे से अरेस्ट किया गया है। स्थानीय पुलिस ने उसे प्राथमिक चिकित्सा के लिए जिला अस्पताल भेजा, और फिर सुरक्षा के लिए वन स्टॉप सेंटर में शिफ्ट किया गया। सोनम ने वीडियो कॉल के जरिए अपने परिवार से बात भी की है।" हालांकि, यह पूरी जानकारी मेघालय पुलिस के डीजीपी या किसी अधिकृत अधिकारी के हवाले से नहीं थी।

मेघालय पुलिस ने जारी किया आधिकारिक बयान
मेघालय पुलिस के सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) डॉ. एसआर मारक (MPS) ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की। बयान के मुताबिक "मेघालय पुलिस को मई 2025 में पूर्वी खासी हिल्स जिले से लापता हुए इंदौर के नवविवाहित जोड़े की जांच में बड़ी सफलता मिली है। मामले में अब तक तीन गिरफ्तारियां हुई हैं-दो मध्य प्रदेश के इंदौर से और एक उत्तर प्रदेश के ललितपुर से।"

"राजा रघुवंशी की हत्या और सोनम रघुवंशी के लापता होने की जांच में यह एक निर्णायक मोड़ है। सोनम रघुवंशी ने स्वेच्छा से गाजीपुर जिले के नंदगंज पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण किया, और अब वह यूपी पुलिस की सुरक्षा में है। कानूनी प्रक्रिया के तहत उनका ट्रांजिट और बयान दर्ज किया जा रहा है।"
SIT, SDRF, NDRF और कई राज्यों की पुलिस कर रही थी प्रयास
मेघालय पुलिस ने बताया कि इस जांच में उनकी विशेष जांच टीम (SIT) के अलावा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), स्थानीय खुफिया इकाइयों और कई अन्य राज्यों की एजेंसियों ने मिलकर काम किया। भौगोलिक चुनौतियों, मीडिया और जन दबाव के बावजूद पुलिस टीमें न्याय की प्रक्रिया को सुनिश्चित करने में जुटी रहीं।
पुलिस की मीडिया से अपील
प्रेस रिलीज में कहा गया कि "हम जनता और मीडिया से विनम्र आग्रह करते हैं कि वे अटकलों से बचें और जांच एजेंसियों को स्वतंत्र रूप से अपना कार्य करने दें। पुलिस इस संवेदनशील केस में निष्पक्ष और निष्कलंक जांच के लिए प्रतिबद्ध है।"

Fact Check
दावा
सोनम रघुवंशी को यूपी के गाजीपुर में दाबे से पकड़ा गया।
नतीजा
मेघालय पुलिस ने इस दावे को भ्रामक बताया। कहा-सोनम ने पुलिस थाने में किया था सरेंडर।












Click it and Unblock the Notifications