Fact Check: KL Rahul ने क्रिकेट को कहा अलविदा? वायरल पोस्ट की सच्चाई आई सामने
KL Rahul Retirement Fact Check: भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल पिछले कुछ समय से लगातार चर्चाओं में बने हुए हैं। केएल राहुल ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट की। केएल राहुल की पोस्ट के बाद से ही क्रिकेट से उनके संन्यास की बातें होने लगी। केएल राहुल को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की खबरें शेयर की जा रही है।
वायरल पोस्ट में नहीं है सच्चाई
अफवाहों के बावजूद केएल राहुल के संन्यास का दावा करने वाली वायरल पोस्ट पूरी तरह से झूठी है। इस पोस्ट में केएल राहुल की तरफ से परिवार दोस्तों, टीम के साथियों और प्रशंसकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया है और एक नए अध्याय शुरुआत की बात कही गई है। बता दें कि यह जानकारी सटीक नहीं है क्योंकि राहुल ने ऐसी कोई घोषणा नहीं की है।

केएल राहुल की इंस्टाग्राम स्टोरी
केएल राहुल ने अपने लेटेस्ट इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा था कि मुझे एक घोषणा करनी है, बने रहिए...। केएल राहुल की एक इस पोस्ट ने फैंस और फॉलोअर्स के बीच उत्सुकता जगा दी है। हालांकि, इस पोस्ट से केएल राहुल की रिटायरमेंट की किसी खबर की पुष्टि नहीं होती है।
दलीप ट्रॉफी में खेलेंगे केएल राहुल
हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ़ सीरीज़ के दौरान केएल राहुल ने वापसी की थी। लेकिन वह फॉर्म से जूझते नजर आए। 32 साल के होने के बावजूद कई लोगों का मानना है कि उनमें अभी भी बहुत क्रिकेट बचा हुआ है। केएल राहुल 5 सितंबर से शुरू होने वाली दलीप ट्रॉफी 2024 में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। इस टूर्नामेंट से वह बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज से पहले मैदान पर वापसी करेंगे।
गलत पोस्ट वायरल
एक ट्विटर यूजर ने एक फर्जी पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि काफी विचार-विमर्श के बाद मैंने पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। पोस्ट में आगे कहा गया कि वह खेल में बिताए गए समय को संजोकर रखते हैं और अपने पूरे करियर में समर्थन के लिए सभी का शुक्रिया अदा करते हैं। लेकिन ये ट्विट बस फर्जी है, क्योंकि केएल राहुल ने ऐसी कोई घोषणा अब तक नहीं की है।












Click it and Unblock the Notifications