Fact Check: मणिपुर में पुलिस की बिना कपड़े पहने महिला से झड़प? जानें वायरल वीडियो का सच
Fact Check News: पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर जातीय हिंसा से धधक रहा है। 50 दिनों से भी ज्यादा का वक्त हो चुका है, लेकिन वहां जारी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। अब तक 120 से ज्यादा लोगों की इस हिंसा में जान जा चुकी है। इस बीच एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि यह मणिपुर का है, जिसमें एक महिला को पुलिसकर्मी का पीछा करते हुए दिखाया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर पोस्ट किया है, जिसमें बिना कपड़े पहने एक महिला हाथ में डंडा लेकर पुलिसकर्मी को मारने की धमकी दे रही है। इस वीडियो को मणिपुर की हालिया घटना से जोड़कर साझा किया जा रहा है।

यूजर्स ने क्या किया दावा?
वीडियो शेयर करते हुए लोगों ने लिखा- ये हाल है मणिपुर का। कितनी भयानक त्रासदी है। सड़क पर नग्न अवस्था में पुलिस का पीछा करती एक महिला का दृश्य। हमारे भारत को क्या हो रहा है? इस तरह के तमाम दावों के साथ इस वीडियो को लोग शेयर कर रहे हैं।
हालांकि जब इस वीडियो की असलियत की पड़ताल करने के लिए जांच की गई तो पूरी घटना ही कुछ और निकली। बता दें कि यह घटना मई 2023 की है और यह वीडियो मणिपुर की नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के चंदौली की है, जहां नगर निगम चुनाव के दौरान निर्दलीय उम्मीदवार सोनू किन्नर के ट्रांसजेंडर समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया था।
यूपी की घटना को मणिपुर हिंसा से जोड़ा
दरअसल, इसी से जुड़ा एक और वीडियो जब हमें मिला तो वीडियो के अंदर हमने लोगों को "सोनू किन्नर जिंदाबाद" के नारे लगाते हुए सुना। वहीं 15 मई को ट्विटर पर जितेंद्र वर्मा नाम के एक यूजर ने इस वीडियो को अपलोड किया गया था, जिसको आप यहां क्लिक कर देख सकते हैं। यूजर के बायो में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता लिखा हैं।
किन्नरों ने किया था प्रदर्शन
इसके अलावा कई मीडिया रिपोर्ट में भी इस घटना के बारे में बताया गया है। 13 मई को एक न्यूज रिपोर्ट में कहा गया कि ट्रांसजेंडर समुदाय को चुनाव के दौरान विरोध प्रदर्शन करते देखा गया। उन्होंने वोटों में धांधली का आरोप लगाया और मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों से उनकी झड़प हुई थी।
ऐसे में साफ है कि वीडियो को गलत दावे के साथ साझा किया जा रहा है कि एक नग्न महिला को मणिपुर में पुलिस कर्मियों का पीछा करते हुए दिखाया गया है।

Fact Check
दावा
इस वीडियो को मणिपुर हिंसा से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।
नतीजा
वीडियो मणिपुर का नहीं बल्कि यूपी का है।












Click it and Unblock the Notifications