Fact check: वायरल तस्वीर का दावा-राजनीति में आए सौरभ गांगुली, जानें क्या है सच?
नई दिल्ली। बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच बीसीसीआई अध्यक्ष सौरभ गांगुली के राजनीति में आने की अटकलें लगातार लगाई जाती रही हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर सौरभ गांगुली की अलग-अलग राजनीतिक दलों में शामिल होने की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। जिन पार्टियों के बैनर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। उनमें कांग्रेस, बीजेपी और टीएमसी है। इन तस्वीरों में वे हाथ जोड़े नजर आ रहे हैं।

कुछ लोगों ने सौरभ की जो तस्वीर शेयर की है, उसे वे बीजेपी के पोस्टर के आगे खड़े दिख रहे हैं। ठीक ऐसे ही टीएमसी और कांग्रेस के पोस्टर के आगे सौरभ गांगुली खड़े दिख रहे हैं। इतना ही नहीं इन तस्वीरों में लिखा है कि , वेलकम दादा। 8 चरणों में होने वाले पश्चिम बंगाल चुनावों से पहले की तस्वीरें साझा की जा रही हैं। वन इंडिया का फैक्ट चेक टीम ने इस वायरल तस्वीरों की पड़ताल की है।
हमने जब इन तस्वीरों को गूगल रिवर्स इमेज में डालकर सर्च किया तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई। इमेज सर्च में हमें सौरभ गांगुली की ऐसी ही अन्य तस्वीरें मिलीं। ये तस्वीरें एक कमर्शियल एड की थी। वायरल हो रही तस्वीरों में जिन कपड़ों में सौरभ गांगुली दिख रहे हैं। वह दरअसल साइकिल ब्रांड अगरबत्ती का एड है। जिसका सौरभ गांगुली विज्ञापन करते हैं। इससे संबंधित कई वीडियो भी यूट्यूब पर मौजूद हैं।

साइकिल रिदम अगरबत्ती का ये विज्ञापन चार साल पुराना है। कंपनी के आधिकारिक यूट्यूब पेज पर भी ये वीडियो उपलब्ध है। यही नहीं सौरभ गांगुली ने 4 सितंबर 2016 को साइकिल रिदम अगरबत्ती के विज्ञापन की एक तस्वीर अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट की थी। इससे साफ हो जाता है कि, वायरल हो रही फोटो फर्जी है। सौरभ गांगुली किसी भी पार्टी में शामिल नहीं हुए हैं।

Fact Check
दावा
राजनीति में सौरभ गांगुली
नतीजा
सौरभ गांगुली की तस्वीर को मॉर्फ्ड करके वायरल किया गया है, तस्वीर फर्जी है।












Click it and Unblock the Notifications