NEET UG AIR 2 पांशुल बंसल कौन, खुद ही की थी टॉपर बनने की भविष्यवाणी! री-नीट को कैसे बनाया अपने लिए वरदान?
Panshul Bansal Success Strategy: NEET UG 2026 का रिजल्ट 16 जुलाई को जारी कर दिया गया है। परिणाम सामने आने के बाद से ही टॉपर्स को लेकर चर्चा तेज है। बड़े शहरों से लेकर छोटे कस्बों के स्टूडेंट ने शानदार प्रदर्शन किया है। इसी लिस्ट में एक नाम है हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले पांशुल बंसल का। पांशुल ने नीट 2026 में सफलता के झंडे गाड़े हैं।
पांशुल ने यह साबित कर दिया है कि किसी एक परीक्षा का नतीजा आपकी पूरी जिंदगी तय नहीं करता। दरअसल, पहले प्रयास में उन्हें उम्मीद के मुताबिक नंबर नहीं आए थे। मन लायक प्रदर्शन नहीं होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी तैयारी को नए तरीके से आगे बढ़ाया। यही सोच उन्हें NEET UG 2026 री-एग्जाम में देश के सबसे सफल छात्रों की लिस्ट में ले आयी है।

पांशुल ने नीट यूजी में 720 में से 715 अंक हासिल किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 2 (AIR 2) अपने नाम कर लिया है। उनकी सफलता सिर्फ शानदार मार्क्स की कहानी नहीं, बल्कि ये परिणाम है आत्मविश्वास, सही रणनीति और लगातार मेहनत की। खास बात ये है कि उन्होंने पढ़ाई के दौरान खुद पर बहुत ज्यादा प्रेशर नहीं डाला बल्कि बैलेंस बनाते हुए मेहनत की और आज रिजल्ट हमारे सामने है।
ये भी पढ़ें: Ayush Bhalotia: बिहार के लाल आयुष भलोटिया ने NEET में रचा इतिहास, AIR 4 लाकर पूरा किया बचपन का सपना
सातवीं क्लास में ही तय कर लिया था डॉक्टर बनना है
पांशुल बचपन से ही पढ़ाई में अच्छे थे। जब वह 7वीं क्लास में थे, तभी उन्होंने तय कर लिया था कि आगे चलकर वो डॉक्टर बनेंगे। उस छोटी उम्र से ही उन्होंने अपने लक्ष्य यानी अपने डॉक्टर बनने के सपने को अपनी मंजिल बनाकर उन्होंने उसी दिशा में मेहनत करनी शुरू की। करीब दो साल पहले उन्होंने अपने एक टीचर से भी कहा था कि एक दिन NEET के टॉपर्स की लिस्ट में उनका नाम जरूर शामिल होगा। उस समय पांशुल के लिए यह एक सपना था, जो आज हकीकत बनकर उनके सामने है। इस सपने को सच करने के लिए उन्होंने लगातार मेहनत जारी रखी और अपने लक्ष्य को पाकर ही दम लिया।
पहले एटेम्पट में नहीं मिला मनचाहा रिजल्ट
NEET के पहले एटेम्पट में पांशुल को मनचाहा रिजल्ट नहीं मिला था। हालांकि वो अपनी तैयारी को लेकर पूरी तरह कॉंफिडेंट थे। उन्हें भरोसा था कि वो बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे, लेकिन परीक्षा के दौरान स्ट्रेस का असर उनकी परफॉर्मेंस पर पड़ा। नतीजा ये हुआ कि उन्हें करीब 696 मार्क्स ही मिले। यह स्कोर अच्छा था, लेकिन उनकी अपनी उम्मीदों से कम था। हालांकि, उन्होंने इस रिजल्ट को असफलता नहीं माना। उन्होंने अपनी गलतियों को समझा और नई योजना के साथ दोबारा तैयारी शुरू कर दी।
जब री-NEET का मौका मिला तो पांशुल ने इसे दूसरी शुरुआत की तरह लिया। इस बार उन्होंने खुद पर टॉप करने का दबाव नहीं डाला। उनका पूरा ध्यान सिर्फ अच्छी तैयारी और शांत मन से परीक्षा देने पर रहा। इस रणनीति का फायदा उन्हें परीक्षा में मिला और उन्होंने 715 अंक हासिल कर पूरे देश में AIR 2 प्राप्त कर ली।
जहां कई छात्र परीक्षा की तैयारी के दौरान सोशल मीडिया और मनोरंजन से पूरी तरह दूरी बना लेते हैं, वहीं पांशुल ने संतुलित जीवनशैली अपनाई। वह समय का ध्यान रखते हुए यूट्यूब देखते थे, एनिमेशन कार्टून का आनंद लेते थे और हर तीन महीने में टेस्ट खत्म होने के बाद दोस्तों के साथ घूमने और पार्टी करने भी जाते थे। उनका मानना है कि दिमाग को आराम देना भी अच्छी तैयारी का हिस्सा होता है।
AI नहीं टीचर्स पर भरोसा
आज पढ़ाई में AI टूल्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन पांशुल ने अपनी तैयारी पारंपरिक तरीके से की। पांशुल ने बताया कि जब भी कोई विषय समझ नहीं आता था तो वह सीधे अपने टीचर से पूछते थे। साथ ही किताबों को अच्छी तरह पढ़कर हर विषय को गहराई से समझने की कोशिश करते थे। उन्होंने किसी भी AI टूल की मदद नहीं ली। पांशुल की सफलता में उनके परिवार की भी अहम भूमिका रही। उनके पिता संजीव कुमार बंसल बिजनेसमैन हैं और उन्होंने नेवल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। वहीं उनकी मां मोनिका बंसल कंपनी सेक्रेटरी हैं। पांशुल बताते हैं कि उनके माता-पिता ने कभी उन पर डॉक्टर बनने या किसी खास करियर को चुनने का दबाव नहीं डाला। उन्होंने हमेशा अपनी पसंद से फैसला लेने की आजादी दी, जिससे पढ़ाई उनके लिए बोझ नहीं बनी।
बोर्ड परीक्षा और JEE Main में भी किया था शानदार प्रदर्शन
पांशुल शुरू से ही पढ़ाई में अच्छे रहे हैं। उन्होंने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। इसके अलावा JEE Main 2026 में भी उन्होंने 99.5 पर्सेंटाइल हासिल की। उनका लक्ष्य डॉक्टर बनना था, इसलिए उन्होंने अपनी पूरी तैयारी NEET पर ही केंद्रित रखी। पांशुल का मानना है कि सफलता केवल लंबे समय तक पढ़ने से नहीं मिलती, बल्कि सही तरीके से पढ़ाई करने से मिलती है। उन्होंने किताबों के सामने लंबे समय तक बैठने के बजाय पूरे ध्यान के साथ पढ़ाई की।
पढ़ाई के साथ-साथ पांशुल ने अपने शौक को भी हमेशा समय दिया। उन्हें संगीत पसंद है और खाली समय में पियानो बजाना उनकी पसंदीदा हॉबी है। उन्होंने म्यूजिक के क्षेत्र में भी उपलब्धियां हासिल की हैं। पांशुल के पास रॉक स्कूल से ग्रेड-4 और ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ लंदन से ग्रेड-2 का सर्टिफिकेट है। उनका कहना है कि पियानो बजाने से उनका स्ट्रेस कम होता था और पढ़ाई में दोबारा पूरी ऊर्जा के साथ ध्यान लगा पाते थे।


Click it and Unblock the Notifications
