शिक्षक भर्ती में देरी पर बढ़ा आक्रोश, परीक्षा के 4 महीने बाद भी अटका KVS, NVS और EMRS का रिजल्ट
KVS, NVS & EMRS Recruitment 2026: केंद्रीय विद्यालय (KVS), नवोदय विद्यालय (NVS) और एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल (EMRS) में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। करीब चार महीने पहले हुई भर्ती परीक्षाओं के बाद भी अंतिम रिजल्ट जारी नहीं हुआ है। इस भर्ती के जरिए शिक्षण और गैर-शिक्षण मिलाकर 23,029 पद भरे जाने हैं, लेकिन नतीजे अब तक घोषित नहीं होने से उम्मीदवारों में नाराजगी बढ़ रही है।
कई अभ्यर्थियों ने सोशल मीडिया पर अभियान शुरू कर दिया है और जल्द रिजल्ट जारी करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया पिछले एक साल से चल रही है और लगातार हो रही देरी की वजह से उनके करियर और भविष्य की योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। दूसरी ओर, सीबीएसई और शिक्षा मंत्रालय का कहना है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जा रही है।

20 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने दी थी परीक्षा
KVS और NVS भर्ती के लिए दिसंबर और जनवरी में टियर-1 परीक्षा हुई थी, जिसमें करीब 20 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। इसके बाद लगभग 8.5 लाख सफल अभ्यर्थियों ने मार्च में टियर-2 परीक्षा दी। मई में आंसर-की जारी होने के बाद उम्मीद थी कि जल्द रिजल्ट आएगा, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें: PF Transfer की झंझट खत्म! नौकरी बदलते खुद-ब-खुद ट्रांसफर होगा पैसा, क्या है EPFO का नया रूल?
रिजल्ट में देरी की वजह क्या बताई गई?
CBSE के अधिकारियों के अनुसार, टियर-2 परीक्षा में ऑब्जेक्टिव और डिस्क्रिप्टिव दोनों तरह के प्रश्न थे। करीब 2.1 लाख से ज्यादा डिस्क्रिप्टिव उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मूल्यांकन पूरी सावधानी और पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है, इसलिए प्रक्रिया में समय लग रहा है।
उम्मीदवारों ने जताई नाराजगी
कई अभ्यर्थियों का कहना है कि वे रिजल्ट की जानकारी लेने के लिए दिल्ली स्थित सीबीएसई मुख्यालय भी पहुंचे थे। उनका दावा है कि वहां उन्हें अनौपचारिक रूप से बताया गया कि रिजल्ट प्रोसेसिंग के दौरान कुछ तकनीकी दिक्कतें आई हैं। उम्मीदवारों का कहना है कि तय समय सीमा नहीं होने से वे असमंजस में हैं और आगे की पढ़ाई व नौकरी से जुड़े फैसले नहीं ले पा रहे हैं। इस भर्ती को लेकर कानूनी पहलू भी सामने आया है। दिल्ली हाईकोर्ट ने अगस्त 2024 में KVS में 987 स्पेशल टीचर्स की नियुक्ति छह महीने के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया था। उम्मीदवारों का कहना है कि लगभग दो साल बाद भी नियुक्तियां पूरी नहीं हुई हैं। कुछ वकीलों ने इसे अदालत के आदेश की अनदेखी बताते हुए अवमानना याचिका दायर करने की बात कही है।
हजारों पद अब भी खाली
देशभर के 1,353 केंद्रीय विद्यालय और 661 नवोदय विद्यालय में शिक्षकों के करीब 23,029 पद लंबे समय से खाली हैं। नियमित नियुक्तियां नहीं होने के कारण कई स्कूल फिलहाल गेस्ट टीचर और कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों के सहारे काम चला रहे हैं। उम्मीदवार अब जल्द रिजल्ट और नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: LPG Price Cut: दिल्ली से कोलकाता तक गिरे सिलेंडर के दाम, कितना सस्ता हुआ LPG?


Click it and Unblock the Notifications
