रियल लाइफ में क्या है 'पंचायत' वाले 'सचिव जी' बनने का प्रोसेस? करना होता है क्या काम, मिलती है कितनी सैलरी?
How to Become a Real-Life 'Sachiv Ji': वेब सीरीज 'पंचायत' का नाम सुनते ही जेहन में एक शांत सा गांव, कड़क प्रधान और सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले 'सचिव जी' की तस्वीर उभरती है। अभिषेक त्रिपाठी का ये किरदार सिर्फ एक किरदार नहीं, बल्कि गांव की असल जिंदगी का आईना है।
बहुत से लोग इस किरदार को देखकर इस पद के बारे में और अधिक जानने के लिए उत्सुख हैं। लोगों के मन में ये सवाल भी आता है कि क्या असल जिंदगी में भी ऐसा पद होता है? अगर होता है, तो क्या हमें भी वैसी ही जिम्मेदारी निभाने और सैलरी पाने का मौका मिल सकता है?

असल में 'पंचायत सचिव' एक असली सरकारी नौकरी है, जो गांव के प्रशासन का अहम हिस्सा होती है। अगर आप भी सचिव जी की तरह समाज से जुड़कर काम करना चाहते हैं, तो यह नौकरी आपके लिए सही विकल्प हो सकती है। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि पंचायत सचिव बनने के लिए क्या योग्यता चाहिए, किस तरह की परीक्षा देनी होती है, और इस पद पर कितना वेतन मिलता है।
ये भी पढ़ें: घर बैठे ही अपडेट होगी आधार की डिटेल्स! E-Aadhaar मोबाइल App लॉन्च करने की तैयारी में UIDAI, क्या होंगे फीचर?
कौन होता है पंचायत सचिव?
पंचायत सचिव गांव की पंचायत का एक अहम अधिकारी होता है। उसका काम पंचायत के सारे दस्तावेज संभालना, सरकारी योजनाओं को लागू कराना और ग्राम पंचायत की मीटिंग करवाना होता है। ये व्यक्ति गांव और सरकार के बीच की कड़ी की तरह काम करता है।
कैसे बन सकते हैं पंचायत सचिव?
अगर आप पंचायत सचिव बनना चाहते हैं, तो इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें होती हैं:
- शैक्षणिक योग्यता: किसी भी विषय में ग्रेजुएशन यानी स्नातक की डिग्री होनी चाहिए।
- भर्ती प्रक्रिया: पंचायत सचिव की भर्ती राज्य सरकार करती है। इसके लिए राज्य लोक सेवा आयोग या अधीनस्थ सेवा चयन आयोग परीक्षा आयोजित करता है।
- चयन प्रक्रिया: लिखित परीक्षा, दस्तावेज जांच और कुछ राज्यों में इंटरव्यू के जरिए चयन किया जाता है।
क्या होता है पंचायत सचिव का काम?
पंचायत सचिव का काम सिर्फ कागज़ी नहीं होता, बल्कि वह गांव के विकास में अहम भूमिका निभाता है। इसके कुछ मुख्य काम हैं:
- ग्राम पंचायत की बैठक आयोजित कराना और उसका रिकॉर्ड रखना
- सरकार की योजनाएं जैसे मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन को गांव में लागू कराना
- पंचायत के खर्च और बजट का हिसाब रखना
- ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर अधिकारियों तक पहुंचाना
कितनी मिलती है सैलरी?
पंचायत सचिव की सैलरी हर राज्य में अलग-अलग होती है। कई राज्यों में शुरुआती वेतन करीब ₹25,000 से शुरू होता है और अनुभव के साथ बढ़ता है। कुछ राज्यों में यह ₹40,000 से ₹60,000 तक पहुंच जाता है।
उदाहरण के तौर पर:
- झारखंड में सैलरी ₹21,700 - ₹50,000 प्रति माह
- पश्चिम बंगाल में ₹28,900 - ₹74,500 तक
- अन्य राज्यों में ₹25,500 - ₹81,100 तक भी मिल सकता है
इसके साथ ही डीए, एचआरए और ट्रैवल अलाउंस जैसे भत्ते भी दिए जाते हैं।
कहां होती है पोस्टिंग?
पंचायत सचिव की नियुक्ति गांव या ब्लॉक स्तर पर होती है। उसे पंचायत भवन, ब्लॉक ऑफिस और फील्ड यानी गांव में समय बिताना पड़ता है। ये नौकरी उन लोगों के लिए अच्छी है जो समाज से जुड़कर काम करना चाहते हैं।
क्या यह नौकरी भविष्य के लिए सुरक्षित है?
हां, पंचायत सचिव की पोस्ट एक स्थायी सरकारी नौकरी होती है। इसमें नौकरी की सुरक्षा होती है, साथ ही प्रोन्नति (Promotion) और सरकारी सुविधाएं भी मिलती हैं। यह नौकरी गांव के विकास से सीधे जुड़ी होती है, इसलिए समाज सेवा करने का मौका भी मिलता है।
कौन कर सकता है ये नौकरी?
अगर आप गांव के माहौल में काम करने से नहीं घबराते, सरकारी योजनाओं को लागू करने में रुचि रखते हैं और स्थायी नौकरी की तलाश में हैं, तो पंचायत सचिव आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।
ये भी पढ़ें: IRCTC यूजर्स के लिए नया नियम, बिना Aadhaar वेरिफिकेशन के नहीं मिलेगा तत्काल टिकट, ऐसे करें लिंक












Click it and Unblock the Notifications