Aaj Ka Mausam: कश्मीर से लेकर कर्नाटक तक भारी बारिश की आशंका, दिल्ली में Yellow Alert, UTT में होगी बर्फबारी
Aaj Ka Mausam: देश के कई राज्यों में बारिश होने की वजह से मौसम में खासा बदलाव हुआ है, लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आज से लेकर अगले दो -तीन दिनों तक कई प्रांतों में आंधी-पानी की आशंका है और ओलावृष्टि की संभावना है जिसके लिए अलर्ट जारी किया गया है। जिन 10 राज्यों के लिए अलर्ट जारी हुआ है, उनके नाम हैं उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश , राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश।

दिल्ली में Yellow Alert जारी
दिल्ली-एनसीआर में भी अगले कई दिनों तक गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए मौसम में बड़े बदलाव का संकेत देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी, गरज-चमक के साथ बारिश होगी और आकाशीय बिजली कड़कने की भी आशंका है। हवाओं की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हालांकि आज यहां पर मौसम ड्राई रहने का अनुमान है और यहां पर आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
हरियाणा- पंजाब में मौसम कैसा रहेगा?
हरियाणा में अगले दो दिनों तक थोड़ी गर्मी महसूस हो सकती है, जिससे तापमान में वृद्धि के कारण लोगों को तपिश का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी होगा, जिसके चलते कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ बारिश भी होगी।
राजस्थान में आंधी-पानी का अलर्ट जारी
राजस्थान में मौसमी गतिविधियों में कमी आने के साथ ही धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। IMD के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकांश जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। जयपुर मौसम विभाग ने बताया है कि नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 और 12 मई को जयपुर, भरतपुर, बीकानेर और शेखावाटी संभाग में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
यूपी में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में 8-9 मई के लिए आंधी-तूफान का अलर्ट जारी हुआ है। तराई क्षेत्र और आसपास के पूर्वी जिलों में गरज के साथ छिटपुट बारिश संभव है। राज्यभर में बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, 8 मई के बाद राज्य में मौसम के शुष्क होने की उम्मीद है।
बिहार में बारिश का पूर्वानुमान
बिहार में अगले तीन से चार दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। इस अवधि में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और तेज आंधी के साथ बारिश होगी। आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि का भी पूर्वानुमान है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पटना, गया, भागलपुर, किशनगंज, अररिया, पश्चिमी चंपारण समेत कई आसपास के जिलों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश की संभावना व्यक्त की है।
उत्तराखंड में में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जैसे पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है तो वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश और बर्फबारी की आशंका बनी हुई है।
हिमाचल में होगी बारिश
हिमाचल प्रदेश में 10, 11 और 12 मई को आंधी के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है। शिमला, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा के लिए 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, बारिश और ओलावृष्टि के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।
तमिलनाडु-कर्नाटक में होगी बारिश
आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश जारी रहेगी। इन मौसमी गतिविधियों के कारण अगले सप्ताह तक तेज गर्मी और हीटवेव की संभावना कम है।
जम्मू-कश्मीर में रेन अलर्ट
जम्मू-कश्मीर में फिलहाल मौसमी गतिविधियों में कमी आई है, लेकिन अगले 36 घंटों में एक नया विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसके प्रभाव से मौसम में बड़े बदलाव की संभावना है। इस दौरान कई जगहों पर आकाशीय बिजली कड़कने और बर्फबारी के भी संकेत हैं। लगातार बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट आएगी।














Click it and Unblock the Notifications