एमपी में बारिश, ओले गिरने से करोड़ों की फसल नष्ट
भोपाल। मध्य प्रदेश में पिछले सप्ताह हुई बारिश एवं ओलावृष्टि से 31 जिले में 893 करोड़ रुपये की फसल नष्ट हो गई।प्रशासन का कहना है कि 14 से 17 मार्च के बीच हुई ओला वृष्टि से प्रभावित गांवों में राजस्व विभाग का सर्वेक्षण कार्य जारी है। अब तक हुए सर्वेक्षण के मुताबिक, 31 जिलों के 3,190 गांवों में दो लाख 44 हजार 615 हेक्टेयर भूमि प्रभावित हुई है।
इस दौरान 893 करोड़ 93 लाख 54 हजार रुपये की अनुमानित लागत की फसलें नष्ट हुई हैं। प्रभावित जिले राजस्व विभाग से 136 करोड़ 81 लाख 56 हजार रुपये आवंटित किए जाने की मांग कर रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अभी तक ओला वृष्टि से 29 लोगों की मौत हुई, जबकि 294 पशु मारे गए।

विदिषा, शाजापुर, सिवनी, गुना और राजगढ़ सर्वाधिक प्रभावित जिले हैं। फसल क्षति की भरपाई के लिए विदिशा जिला कलेक्टर ने 44 करोड़ 15 लाख रुपये, गुना ने 14 करोड़ 76 लाख 32 हजार रुपये, शाजापुर ने 14 करोड़ 53 लाख रुपये, राजगढ़ ने 10 करोड़ 85 लाख रुपये और सिवनी ने 10 करोड़ 80 लाख रुपये की मांग राज्य सरकार से की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications