असम गैस आग मामला: आयल इंडिया लिमिटेड ने दो कर्मचारियों को किया निलंबित
नई दिल्ली। असम के तिनसुकिया में सरकारी गैस कंपनी 'ऑयल इंडिया' के बागजान कुएं में लगी भीषण आग पर अब तक काबू नहीं पाया जा सका है। इस कुंए में आग पिछले 15 दिन से गैस के अनियंत्रित रिसाव के कारण लगी थी। अब इस मामले में ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) ने दो कर्मचारियों को लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया है। वहीं ऑयल इंडिया के बागजान कुएं में लगी भीषण आग में दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई है।
Recommended Video

कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि, कंपनी एक आतंरिक जांच कर रही है और हमने दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है जिन पर कुएं की जिम्मेदारी थी। जांच समाप्त होने के बाद उनकी भूमिका पर निर्णय लिया जाएगा। इससे पहले ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) के अध्यक्ष और एमडी सुशील चंद्र मिश्रा ने कहा कि पांच सदस्यीय एक जांच समिति का गठन किया गया है और प्रथम दृष्टया मानवीय भूल का कोई भी साक्ष्य मिलने पर कंपनी के कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
मिश्रा ने कहा कि कंपनी ने गैस के कुएं के निजी संचालक जॉन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। ओआईएल ने बुधवार को कहा कि बाघजन कुएं की आग बुझाने में उसके दो अग्निशमन कर्मियों की मौत हो गई। कुएं में इतनी भीषण आग लगी है कि उसे 30 किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकता है। कई मीटर ऊंचे उठते काले धुएं से डिब्रु सैखोवा राष्ट्रीय उद्यान की स्थानीय जैव विविधता को भी खतरा उत्पन्न हो गया है।
वहीं ऑयल इंडिया के प्रवक्ता त्रिदिव हजारिका ने को बताया कि आग लगने के बाद दो दमकलकर्मी मंगलवार को लापता हो गए थे और एनडीआरएफ के एक दल ने बुधवार सुबह उनके शव बरामद किए। उन्होंने कहा कि इनके शव आग लगने वाली जगह के निकट पानी वाले क्षेत्र से बरामद किए गए। प्रथमदृष्ट्या प्रतीत होता है कि वे पानी में कूद गए और डूब गए क्योंकि उनके शरीर पर जलने का कोई निशान नहीं हैं।
नरेंद्र मोदी ने असम के मुख्यमंत्री सरबानंद सोनोवाल को ऑयल इंडिया के बागजन तेल कुएं में आग घटना के पीड़ितों को हर संभव मदद देने का बुधवार को आश्वासन दिया। तिनसुकिया जिले में पिछले 15 दिनों से रह-रह कर इन कुंओं से यह आग निकल रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक बयान के मुताबिक सोनोवाल की प्रधानमंत्री मोदी के साथ टेलीफोन पर बातचीत हुई। उन्होंने घटना की ताजा स्थिति से अवगत कराया और आग के फैलने के बारे में जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: असम: 50 मीटर में सीमित हुई तेल कुएं की आग, काबू पाने में लगेगा 28 दिन का वक्त












Click it and Unblock the Notifications