Rose Day 2026: ब्रेकअप होगा या पैचअप? संभलकर चुनना गुलाब का रंग, इस सीक्रेट कोड से बन जाएगी बिगड़ी बात
Valentines Week 2026: प्यार की फिजाओं ने दस्तक दे दी है और आज 7 फरवरी से मुहब्बत का वो हफ्ता शुरू हो गया है, जिसका इंतजार हर धड़कते दिल को रहता है। जी हां, आज 'रोज डे' है। लेकिन ठहरिए! अगर आप सोच रहे हैं कि सिर्फ एक लाल गुलाब पकड़कर आप अपनी बात कह देंगे, तो आप एक बड़ी गलती कर सकते हैं।
गुलाब सिर्फ फूल नहीं, भावनाओं की वो खामोश जुबान है जो शब्दों से ज्यादा शोर मचाती है। कहीं ऐसा न हो कि आप दिल की बात कहना चाहें और हाथ में थमा दें 'दोस्ती' का पीला गुलाब! आइए डिकोड करते हैं गुलाब के 'सीक्रेट कोड', जो आपकी अधूरी दास्तां को मुकम्मल बना सकते हैं।

क्या कहता है सुर्ख लाल गुलाब?
लाल गुलाब यानी सीधे दिल पर वार! यह जुनून, रोमांस और बेपनाह मोहब्बत का प्रतीक है। अगर आप किसी के प्यार में पूरी तरह डूब चुके हैं और बिना बोले 'आई लव यू' कहना चाहते हैं, तो यह मखमली लाल गुलाब आपकी सबसे बड़ी ताकत है। यह सिर्फ पार्टनर के लिए नहीं, उस 'क्रश' के लिए भी है जिसे देखते ही आपकी सांसें थम जाती हैं।
गुलाबी गुलाब का क्या मतलब है?
अगर आपके दिल में किसी के लिए सम्मान, कृतज्ञता और एक प्यारी सी खुशी है, तो गुलाबी गुलाब उठा लीजिए। यह लाल जितना गहरा तो नहीं, पर अहसासों में उससे कम भी नहीं। अपने दोस्तों, परिवार या उस खास इंसान को 'शुक्रिया' कहने के लिए इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता। यह बताता है कि आप उनकी मौजूदगी से कितने खुश हैं।
पीला गुलाब क्यों है इतना खास?
पीला रंग यानी खुशी, नई ऊर्जा और गहरी दोस्ती। अगर आप किसी को बताना चाहते हैं कि वो आपकी जिंदगी का सबसे प्यारा दोस्त है, तो पीला गुलाब सबसे सटीक है। याद रहे, इसे थमाने का मतलब 'आई लव यू' नहीं, बल्कि 'तुम मेरे सबसे अच्छे यार हो' कहना है। तो अपने क्लासमेट या कलीग को यह देकर आज का दिन खुशनुमा बना दें।
सफेद गुलाब का मतलब?
सफेद गुलाब मासूमियत और सच्चाई का आईना है। अगर बीते वक्त में कोई कड़वाहट रही हो और आप सब भुलाकर एक नई शुरुआत करना चाहते हैं, तो सफेद गुलाब से बेहतर कोई मरहम नहीं। यह शांति और सम्मान का प्रतीक है, जो रिश्तों के बिखरे धागों को फिर से पिरो देता है।
कब देना होता है नारंगी गुलाब?
नारंगी गुलाब उत्साह और बढ़ते आकर्षण का संकेत है। यह तब दिया जाता है जब आपके मन में किसी के प्रति गहरा खिंचाव हो और आप दोस्ती की सरहद पार कर प्यार की दुनिया में कदम रखना चाह रहे हों। यह कहता है- "मैं तुम्हारी तरफ खिंचा चला आ रहा हूं।"
लैवेंडर गुलाब यानी पहली नजर का प्यार
लैवेंडर गुलाब उनके लिए है जिन्हें देखते ही आपको 'पहली नजर वाला प्यार' (Love at first sight) हो गया हो। यह जादू और आकर्षण का रंग है। वहीं, नीला गुलाब उस इंसान के लिए है जो आपकी नजर में दुनिया में सबसे अलग और नायाब है। इसे देना यानी यह कहना कि- "तुम जैसा कोई और नहीं!"












Click it and Unblock the Notifications