PM मोदी को 'गाली' देने वाली नोएडा की लड़की के साथ अब क्या हुआ? FIR को लेकर बड़ा अपडेट! किस हाल में जी रही?
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। इस विवाद में घिरी नोएडा की 15 साल की नाबालिग लड़की रुचिका सिंह को दिल्ली पुलिस ने बहुत बड़ी राहत दी है।
पुलिस सूत्रों की मानें तो इस पूरे मामले में लड़की के खिलाफ न तो अब तक कोई एफआईआर दर्ज की गई है और न ही आगे कोई कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पहले भी एफआईआर दिल्ली या नोएडा पुलिस ने खुद से नहीं किया था। बल्कि किसी और शख्स ने लड़की के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

नोएडा से दिल्ली ट्रांसफर हुई थी 'जीरो FIR'
इस पूरे विवाद की शुरुआत गाजियाबाद के एक शख्स की शिकायत से हुई थी। शिकायत के आधार पर नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में 30 जुलाई को एक 'जीरो एफआईआर' दर्ज कराई गई थी। इसमें नाबालिग लड़की के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान), 353(1) (लोक उपद्रव फैलाने वाले बयान) और 356(1) (मानहानि) के तहत मामला दर्ज हुआ था।
चूंकि यह घटना 23 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुई थी, इसलिए नोएडा पुलिस ने केस को आगे की जांच के लिए दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर कर दिया था। न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने शुरुआत में जीरो एफआईआर की समीक्षा की और अब फैसला किया है कि नाबालिग पर कोई केस नहीं चलेगा। हालांकि, स्पेशल सेल ने सोशल मीडिया से इस वीडियो को हटाने के लिए X को नोटिस जरूर जारी किया है।
लड़की को अभी भी आ रहे हैं धमकी भरे मैसेज और फोन कॉल
रिपोर्ट के मुताबिक एफआईआर हटने के बाद रुचिका ने राहत की सांस ली है। हालांकि वो सोशल मीडिया पर धमकी भरे मैसेज से अब भी परेशान हैं। उनका कहना है कि उनको और उनकी मां के लिए रेप और हत्या के धमकी भरे फोन कॉल और मैसेज आ रहे हैं।
उनका कहना है कि दिल्ली पुलिस के केस वापस लेने के बाद भी उनके लीक नंबर पर बार-बार उनको फोन करके परेशान किया जा रहा है। वो डर से घर से बाहर नहीं निकल पा रही हैं।
रुचिका ने दो बार मांगी माफी, कहा- "मुझसे बहकावे में गलती हुई"
मामला गरमाने के बाद नाबालिग लड़की ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी गलती मानी और देश से माफी मांगी। उसने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ घूमने निकली थी और प्रदर्शन में मौजूद लोगों के बहकावे में आ गई थी।
रुचिका ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में बताया,
"मैं जुलाई में अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस गई थी। वहां कुछ लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ भड़काऊ और खराब भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने मुझे उकसाया और वही सब बोलने को कहा। मुझसे यह बहुत बड़ी भूल हो गई। मैं इस हरकत से बेहद शर्मिंदा हूं और किसी से नजरें नहीं मिला पा रही हूं। कृपया मुझे माफ कर दिया जाए, मैं ऐसी गलती दोबारा कभी नहीं दोहराऊंगी।"
लड़की ने यह भी साफ किया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो उसने खुद इंटरनेट पर अपलोड नहीं किया था।
पीएम मोदी की अपील का दिखा बड़ा असर
इस पूरे मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी एक लेट-नाइट वीडियो संदेश सामने आया था। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान खुद के साथ-साथ अपनी स्वर्गीय माताजी के लिए इस्तेमाल की गई भाषा पर दुख जताया था।
पीएम मोदी ने अपने वीडियो मैसेज में कहा था,
"जंतर-मंतर पर मेरे और मेरी दिवंगत मां के लिए जिस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया, उससे मुझे गहरा दुख पहुंचा है। लेकिन हमें भटक गए बच्चों को माफ कर देना चाहिए और उन्हें सही रास्ते पर लाने का प्रयास करना चाहिए।"
पीएम मोदी की इस दरियादिली और बच्चे के दो बार बिना शर्त माफी मांगने के रुख को देखते हुए ही दिल्ली पुलिस ने जांच के बाद कानूनी केस न चलाने का व्यावहारिक फैसला लिया है।


Click it and Unblock the Notifications
