Gurugram: जापानी टूरिस्ट का पुलिस ने किया 'स्पेशल स्वागत', इस मामले में जुर्माने की जगह देनी पड़ी रिश्वत
Gurugram Traffic Police: भारत में अतिथि देवो भव की भावना को महत्व दिया जाता है, लेकिन हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो ने इस सोच को झकझोर कर रख दिया। एक वीडियो में दिख रहा है कि जापानी टूरिस्ट ने गुरुग्राम की ट्रैफिक पुलिस को ₹1,000 दिए, जिसे सोशल मीडिया पर 'जुर्माना नहीं, बल्कि रिश्वत' बताया जा रहा है।
वीडियो को 'कैटो' नाम के एक यूजर द्वारा पोस्ट किया गया। कैटो बताते हैं कि उन्हें और उनकी साथी को सड़क पर तीन ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने रोका क्योंकि उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। बाइक चला रही महिला ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन कैटो पिलियन सीट पर बिना हेलमेट थे। पुलिस ने महिला का ID कार्ड मांगा।

परेशान होकर टूरिस्ट्स ने दिए पैसे
इसके साथ ही पुलिस ने ₹1,000 नकद देने को कहा। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि पैसे नहीं देने पर उन्हें कोर्ट जाना पड़ेगा। परेशान होकर टूरिस्ट्स ने पैसे दे दिए। वीडियो में कैटो यह भी दिखाते हैं कि सड़क पर कई लोग हेलमेट नहीं पहन रहे थे, लेकिन उन्हें रोकने वाला कोई नहीं था।
पुलिस विभाग की प्रतिक्रिया
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत ट्वीट किया और भ्रष्टाचार के प्रति अपनी जीरो टॉलरेंस नीति दोहराई। विभाग ने कहा कि वायरल वीडियो में ट्रैफिक स्टाफ के दुर्व्यवहार की जानकारी सामने आई है और DCP ट्रैफिक, गुरुग्राम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। पुलिस विभाग ने यह भी कहा कि वे सार्वजनिक सेवा में ईमानदारी और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं और जनता से अपील की कि वे भ्रष्टाचार या अनुचित व्यवहार की रिपोर्ट करें।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर जनता ने तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। किसी ने कहा कि पुलिसकर्मियों को सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा करना चाहिए, जबकि कई ने इस कार्रवाई की सराहना की और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसा स्तर कायम रहेगा। वहीं, कुछ ने सवाल उठाया कि सिर्फ सस्पेंड क्यों, बर्खास्तगी या गिरफ्तारी क्यों नहीं? उन्होंने लिखा कि रिश्वत लेना अपराध है और अपराध करने वाले को गिरफ्तार होना चाहिए, चाहे वह पुलिसकर्मी ही क्यों न हो।
वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्रवाई
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। इनमें ZO ESI करण सिंह (704/GGM), Ct. शुभम (4061/GGM), और HGH भूपेंद्र (347/RTK)- शामिल हैं। पुलिस विभाग ने कहा कि वे लोक सेवा में ईमानदारी बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं और भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है।
जनता से जानकारी शेयर करने की अपील
पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास ट्रैफिक कर्मियों द्वारा रिश्वत या दुर्व्यवहार की विश्वसनीय जानकारी है तो वे आगे आएं। संपर्क के लिए फोन: 9999981800 और ईमेल: [email protected] उपलब्ध हैं, और जानकारी साझा करने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications