Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

इंदौर में सवाल पर 'बदजुबानी' और पुर्तगाल में 'इस्तीफा', मौत की त्रासदी पर जवाबदेही का बड़ा अंतर।

Indore Water Contamination Crisis vs Portugal Health Tragedy: देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर से इन दिनों आ रही दिल दहलाने खबर ने पूरे देश का झकझोर कर रख दिया है। इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। 200 से अधिक लोग अस्पतालों में जीवन-मौत की जंग लड़ रहे हैं। यह घटना केवल एक प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि जवाबदेही और संवेदना के उस अंतर को भी सामने लाती है।

जहां इंदौर के पीड़ित परिवार अपनों को खोने के बाद बुनियादी मदद और सांत्वना के लिए तरस रहे हैं। वहीं सत्ता के गलियारों से आने वाली प्रतिक्रियाएं लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर सवाल खड़े करती हैं। इंदौर की इस त्रासदी और कुछ साल पहले पुर्तगाल में हुई एक समान घटना के जरिए राजनेताओं की 'नैतिक जिम्मेदारी' के बदलते मायनों का अंतर दिखाती हैं।

Indore Water Contamination Crisis

Indore: जब 'सफाई' के दावों के बीच घुला मौत का जहर

देश के सबसे स्वच्छ शहर का गौरव रखने वाले इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में मातम पसर गया, जब पेयजल की मुख्य पाइपलाइन में सीवरेज का पानी मिलने से लोग बीमार पड़ने लगे। 31 दिसंबर 2025 की रात, जब दुनिया नए साल का स्वागत कर रही थी, इंदौर के इस इलाके में लोग उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन से दम तोड़ रहे थे।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, एक शौचालय के नीचे पेयजल पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण यह संक्रमण फैला। अब तक मरने वालों का आधिकारिक आंकड़ा 10 तक पहुंच गया है, हालांकि स्थानीय निवासियों का दावा है कि मौतों की संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है।

सत्ता का अहंकार, मंत्री की नाराजगी और 'घंटा' विवाद

इस त्रासदी के बीच जब क्षेत्रीय विधायक और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इलाके का दौरा करने पहुंचे, तो स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। न्यूज पोर्टल NDTV के पत्रकार ने जब उनसे सवाल किया कि "जिम्मेदारी केवल छोटे कर्मचारियों पर ही क्यों, बड़े अधिकारियों पर क्यों नहीं?" और "निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे गरीबों को रिफंड कब मिलेगा?", तो मंत्री जी भड़क उठे।

उन्होंने कैमरे के सामने आपत्तिजनक शब्द 'घंटा' का इस्तेमाल किया और सवाल को "बेकार" (फोकट) बताते हुए पत्रकार को चुप रहने को कहा। हालांकि, वीडियो वायरल होने और चौतरफा घिरने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर खेद व्यक्त किया, लेकिन पीड़ितों के जख्मों पर यह मरहम काम नहीं आया।

अपनों को खोने का गम और प्रशासन की बेरुखी

पीड़ित परिवारों का आरोप है कि प्रशासन मुफ्त इलाज का दावा तो कर रहा है, लेकिन हकीकत में उन्हें हजारों रुपये अपनी जेब से खर्च करने पड़े हैं। एक परिवार ने बताया कि इलाज में 40 हजार रुपये खर्च करने के बाद भी वे आज कर्ज में डूबे हैं और प्रशासन की ओर से कोई सुध लेने नहीं आया। हद तो तब हो गई जब कुछ परिवारों को यह कहा गया कि वे खुद विधायक से मिलने जाएं। आज भी इस इलाके के लोग दूर-दराज के बोरवेल से पानी लाकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं, क्योंकि उन्हें सरकारी नल से आने वाले पानी पर अब भरोसा नहीं रहा।

पुर्तगाल में एक मौत पर मंत्री का ऐतिहासिक इस्तीफा

इंदौर की इस घटना के विपरीत, अगस्त 2022 में पुर्तगाल में हुई एक घटना ने दुनिया को 'नैतिक जिम्मेदारी' की मिसाल पेश की थी। वहां एक 34 वर्षीय गर्भवती भारतीय पर्यटक को राजधानी लिस्बन के मुख्य अस्पताल (सांता मारिया) में भर्ती नहीं किया जा सका क्योंकि वहां बेड खाली नहीं थे।

एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में महिला को कार्डियक अरेस्ट आया और उसकी मौत हो गई। हालांकि डॉक्टरों ने सिजेरियन के जरिए बच्चे की जान बचा ली, लेकिन मां की मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया।

मार्ता टेमिडो का फैसला

इस घटना के चंद घंटों के भीतर पुर्तगाल की स्वास्थ्य मंत्री मार्ता टेमिडो ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने किसी अधिकारी पर दोष मढ़ने या सवाल पूछने वालों पर गुस्सा करने के बजाय यह कहा कि "मैं अब इस पद पर बने रहने की स्थिति में खुद को नहीं पाती।"

प्रधानमंत्री एंटोनियो कोस्टा ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए कहा कि यह घटना 'आखिरी तिनका' साबित हुई। टेमिडो वही मंत्री थीं जिन्होंने कोविड-19 के दौरान पुर्तगाल के सफल टीकाकरण अभियान का नेतृत्व किया था, लेकिन एक विदेशी महिला की मौत के बाद उन्होंने अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने में एक पल की भी देरी नहीं की।

दो स्थितियां और जवाबदेही का बड़ा अंतर

इंदौर और पुर्तगाल की इन दोनों घटनाओं की तुलना आज सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय है। इंदौर में 10 मौतें होने और सैकड़ों के अस्पताल में होने के बावजूद बड़े पदों पर बैठे नेता सवाल पूछने पर पत्रकार को अपमानित करते हैं। जिम्मेदारी केवल निचले स्तर के कर्मचारियों SDM और नगर निगम अधिकारियों को सस्पेंड करके पूरी मान ली जाती है।

वहीं लिस्बन, पुर्तगाल में एक विदेशी महिला की मृत्यु पर वहां की कैबिनेट मंत्री अपनी विफलता मानकर कुर्सी छोड़ देती हैं। वहां सिस्टम की विफलता को व्यक्तिगत नैतिकता से जोड़ा गया।

ये भी पढ़ें: कौन हैं IAS पति-पत्नी क्षितिज और शीतला, इंदौर पानी कांड के बाद चर्चा में आए, गजब है दोनों की Love Story

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+