Video: कनाडाई रैपर ने ऐसा क्या किया कि हिंदू और ईसाई दोनों हो गए आगबबूला, इंटरनेट पर मचा जबरदस्त बवाल
कनाडा की रैपर टॉमी जेनेसिस (Tommy Genesis) अपने नए म्यूजिक वीडियो को लेकर विवादों में घिर गई हैं। मां काली की तरह पोशाक पहनकर अश्लील अंदाज में नजर आने वाली इस रैपर पर हिंदू संस्कृति का अपमान करने का आरोप लगा है। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोग भड़क उठे और जमकर विरोध शुरू हो गया।
एक तरफ हिंदू समुदाय उनके इस रूप को 'अपमानजनक' बता रहा है, तो दूसरी तरफ वीडियो में दिखा क्रिश्चियन क्रॉस (Christian cross) भी विवाद का कारण बन गया है।

मां काली की तरह सजी-धजी दिखी रैपर कौन है?
टॉमी जेनेसिस का असली नाम जेनेसिस यास्मीन मोहनराज (Genesis Yasmine Mohanraj) है और वो तमिल और स्वीडिश मूल की हैं। अपनी नई एल्बम 'Genesis' के गाने True Blue के वीडियो में उन्होंने नीले रंग की बॉडी पेंट, माथे पर लाल बिंदी, सिर पर गोल्डन मांगटीका, हाथों में सोने की चूड़ियां और गले में सोने की माला पहनी है। इसके साथ ही वो गोल्डन बिकिनी और हाई हील्स पहने नजर आईं। वीडियो में वो कहीं नमस्ते करती दिख रही हैं तो कहीं क्रॉस को चाटती नजर आती हैं।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
वीडियो आते ही सोशल मीडिया पर गुस्सा फूट पड़ा। एक यूजर ने लिखा कि, 'किसी तरह तुमने एक ही वीडियो में हिंदुओं और ईसाइयों दोनों को नाराज कर दिया।' एक अन्य यूजर लिखा, 'यह निंदनीय है। हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाना अब फैशन बन गया है। खुद वो भी जानती है कि कोई विरोध नहीं करेगा।' एक और यूजर ने कहा, 'उसने न सिर्फ ईसाइयत का बल्कि हिंदू धर्म और भारतीय संस्कृति का भी मजाक उड़ाया। शर्मनाक।'
एक यूजर ने लिखा, 'हमारी सदियों पुरानी परंपराएं अब आपके वीकेंड वाइब का हिस्सा बन गई हैं! कुछ तो शर्म करो और इसे हटाओ।' एक अन्य ने कहा, 'हिंदू संस्कृति को अपनाना इन तथाकथित वेस्टर्नर्स के लिए नया ट्रेंड बन गया है।' वहीं एक और यूजर ने कहा, 'ये बहुत ही घटिया हरकत है। सिर्फ लाइक्स के लिए हिंदू संस्कृति को अपनाना बंद करो।' हालांकि, एक यूजर ने तो इस पोस्ट पर जय मां काली ही लिख दिया। कुछ यूजर्स ने रैपर टॉमी जेनेसिस से हिंदू कल्चर से दूर रहने की बात कही।












Click it and Unblock the Notifications