Beauty Tips: घर बैठे तैयार करें ये 6 ब्यूटी पैक, हमेशा बनी रहेगी ग्लोइंग स्किन
हर किसी को दमकती त्वचा पसंद होती है लेकिन खूबसूरत त्वचा के लिए इसकी देखभाल की भी जरूरत पड़ती है। फिर इस बदलते मौसम में त्वचा कुछ ज्यादा ही देखभाल मांगती है। प्रदूषण, नमी और त्योहारी मौसम में ज्यादा मीठा और ऑयली खाना त्वचा में अनचाहा परिवर्तन कर देता है जिससे यह अपनी चमक-दमक खो देती है। इसके साथ ही मासिक चक्र भी त्वचा के निखार को कम या ज्यादा रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में हम आपको आसानी से घर में तैयार होने वाले ब्यूटी पैक के बारे में बता रहे हैं जिनके इस्तेमाल से आप ग्लोइंग स्किन को बरकरार रख सकती हैं।

बादाम पैक
बादाम एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। इससे बना पैक त्वचा में मौजूद विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालकर इसे साफ करता है और इसमें निखार लाता है। 4-5 बादाम को रात में दूध में भिगो दें। ध्यान रहें कि इन्हें छिलकों के साथ ही भिगोना है। सुबह बादाम को छीलकर उसी दूध के साथ इसका पेस्ट तैयार कर लें। तैयार पेस्ट को रात में बिस्तर पर जाने से पहले चेहरे पर लगाकर एक पतली परत बना लें। इसे ऐसे ही रात भर छोड़ दें और अगली सुबह उठने पर इसे साफ पानी से धो लें।
टमाटर-नींबू का पैक
नींबू में ब्लीच एलीमेंट पाए जाते हैं और यह टैनिंग के लिए जबरदस्त है। एक टमाटर को अच्छे से मसल लें। अब इसमें दो बड़े चम्मच नींबू मिलाएं। इन दोनों को अच्छे से मिलाकर इसका पेस्ट तैयार कर लें। तैयार पेस्ट को अपनी गर्दन और त्वचा पर लगाएं। इसे 20 मिनट तक रहने दें फिर ठंडे पानी से धो लें। त्वचा को क्लीन करने के इस फेस मास्क का इस्तेमाल सप्ताह में तीन बार करना चाहिए।

ओट्स और हनी फेसमास्क
ओट्स में शहद को मिलाकर इसे छोड़ दें। जब ओट्स थोड़ी देर बाद नरम हो जाए तो इसे मैश करके अच्छे से मिला लें। अच्छी तरह से मिला लेने के बाद इसे त्वचा पर लगाएं और रात भर के लिए छोड़ दें। सुबह उठने के बाद इसे धो लें। यह पैक त्वचा में होने वाले रूखेपन को हटाकर फिर से नमी बहाल करता है। यही नहीं रसायनों के संपर्क में आने से त्वचा को होने वाले नुकसान को भी कम करता है।
एलोवेरा और ग्लिसरीन मास्क
त्वचा के लिए एलोवेरा बहुत ही काम की चीज है। इसमें एलोइन पाया जाता है जो डिटॉक्स हाइपरपिग्मेंटेशन इलाज के रूप में काम करता है। एलोवेरा को थोड़े से ग्लिसरीन के साथ मिलाकर इसका पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट को चेहरे पर हल्के से लगाएं। 20 मिनट तक इसे रखने के बाद चेहरे तो धो लें। यह पेस्ट त्वचा को हल्का रखने के साथ चेहरे से धब्बों को भी हटाने में मददगार है।

नींबू और दूध क्रीम मास्क
सर्दियों के मौसम में त्वचा में रूखापन बढ़ जाता है। क्रीम में प्राकृतिक फैटी एसिड पाया जाता है जो त्वजा को मॉस्चराइज करके उसमें निखार लाता है। इस फेस मास्क को तैयार करने के लिए एक चम्मच डेयरी क्रीम लें और उसमें एक चौथाई चम्मच नींबू का रस मिलाकर इस पेस्ट को त्वचा पर एक हल्की परत की तरह लगा लें। इसे लगाने के बाद रात भर के लिए छोड़ दें। सुबह उठने के बाद हल्के गर्म पानी से चेहरे को धो लें। नींबू के ब्लीचिंग एलीमेंट त्वचा की टोन को ठीक करने के साथ दाग-धब्बों को भी ठीक करता है।
केले और दही का पैक
केले को अच्छे से मैश करके इसमें दो चम्मच दही मिला लें। इसके साथ ही एक बड़ा चम्मच शहद मिलाएं। इसे अच्छे से मिलाकर चिकना कर लें और अपने चेहरे पर लगाकर सूखने के लिए छोड़ दें। लगभग आधा घंटा रखने या फिर अच्छी तरह से सूखने के बाद इसे धो लें। इसके इस्तेमाल से आपकी त्वचा बच्चे की तरह कोमल बन जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications