योगी सरकार के प्रयासों से बदल रही है वनटांगिया समुदाय की जिंदगी, खोले जा रहे प्रशिक्षण केंद्र
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार न सिर्फ पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ रही है, बल्कि उनके कौशल को निखारकर रोजगार से जोड़ने की भी व्यवस्था कर रही है। आजादी के अमृत महोत्सव में गोंडा का वनटांगिया समुदाय अब अपने पैरों पर खड़ा होगा।
इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गोंडा जिला प्रशासन जिले के नवाबगंज और मनकापुर ब्लॉक के चार वनटांगिया गांवों में युवाओं और महिलाओं के कौशल विकास के लिए वनटांगिया ग्राम प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना कर रहा है।

जिलाधिकारी नेहा शर्मा की पहल पर सोमवार को जिले के पहले दो वनटांगिया गांवों में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किये गए। ये वनटांगिया ग्राम प्रशिक्षण केंद्र नवाबगंज ब्लॉक के रामगढ़ वनटांगिया गांव और महेशपुर वनटांगिया गांव में स्थापित किए गए हैं।
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता का कहना है कि राज्य के पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना योगी सरकार की प्राथमिकता है। यह मुख्यमंत्री के प्रयासों का ही नतीजा है कि आजादी के कई दशक बाद भी विकास की मुख्यधारा से कटे गोंडा के वनटांगिया समूह की जिंदगी अब बदल रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की पहल पर न सिर्फ रामगढ़ वनटांगिया गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए सड़क का निर्माण कराया गया, बल्कि आजादी के 76 साल बाद पहली बार इस गांव में बिजली पहुंचाने का काम किया गया है। इस समुदाय के लोगों के लिए रोजगार की व्यवस्था करने के लिए अब उत्तर प्रदेश कौशल विकास योजना के तहत वनटांगिया गांवों में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पिछले दिनों वनटांगिया गांव का सर्वेक्षण कराया गया था। इस दौरान वनटांगिया गांवों के 18 से 35 साल के लड़के-लड़कियों के बीच सर्वे किया गया। लोगों ने ब्यूटीशियन और नर्सिंग कोर्स में युवतियों ने रुचि दिखाई। इसके आधार पर उनके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का चयन किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications