भगवंत मान कैबिनेट में शामिल होने के बाद क्या बोले गुरमीत सिंह और बलकार सिंह
भगवंत मान कैबिनेट में शामिल होने के बाद गुरमीत सिंह और बलकार सिंह ने मीडिया को संबोधित किया।

पंजाब की भगवंत मान सरकार ने अपने मंत्रिमंडल का आज विस्तार करते हुए आप विधायक गुरमीत सिंह खुडि्डयां और बलकार सिंह को राज्य के नए मंत्री पद के लिए शपथ दिलवाई। पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने यहां राजभवन में दोनों को शपथ दिलवाई। 60 वर्षीय खुडि्डयां मुक्तसर की लंबी सीट से विधायक हैं जबकि 60 वर्षीय बलकार सिंह जालंधर की आरक्षित सीट करतारपुर से विधायक हैं। वह एक पूर्व पुलिस अधिकारी हैं और रिटायर होने के बाद 2021 में आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हुए, जिसके बाद वह पहली बार विधायक बने।
शपथ लेने के बाद गुरमीत सिंह खुडि्डयां ने कहा कि वह मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपनी टीम में शामिल करने के लिए धन्यवाद करते हैं। लंबी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के कारण ही वे यहां तक पहुंचे हैं। खुडि्डयां ने कहा कि पूरी तरह ईमानदार रहना हमारा कर्तव्य है और वे इस कर्तव्य को निभाएंगे। मुख्यमंत्री द्वारा हमें जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, हम उसे तह दिल से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें किस विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जानी है, इस बारे में उन्हें अभी कोई जानकारी नहीं है, लेकिन उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसे तह दिल से निभाएंगे।
इस दौरान नवनियुक्त मंत्री बलकार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपेंगे, उसे ईमानदारी से निभाएंगे। जालंधर उपचुनाव में पूरी पार्टी ने खूब मेहनत की। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पार्टी ने अच्छा काम किया है और जालंधर के लोगों के साहस के कारण ही हम यहां तक पहुंच पाए हैं। पंजाब सरकार दोआबे में हर पहलू से काम कर रही है। जैसा लोगों ने साथ दिया है, उसी लगन से काम होता रहेगा। उन्होंने कहा कि निगम चुनाव में भी अच्छे उम्मीदवारों को आगे लाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications