कन्हैयालाल के परिजनों को ढांढस बंधाने उदयपुर पहुंचेगीं पूर्व सीएम वसुंधरा राजे
जयपुर, 4 जुलाई। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे आज उदयपुर जाकर कन्हैयालाल हत्याकांड के मृतक परिजनों से मुलाक़ात करेंगी और उन्हें ढांढस बंधवाएंगी। इसके बाद उनका आज शाम को ही जोधपुर जाने का भी प्रस्तावित कार्यक्रम है। इधर, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी आज उदयपुर पहुंचकर कन्हैयालाल के परिजनों से मिलने का अलग कार्यक्रम है।

गौतरतलब है कि उदयपुर पिछले कुछ दिनों से सियासत का गढ़ बना हुआ है। टेलर कन्हैयालाल की बेरहमी से ह्त्या होने और गुनाहगारों के ह्त्या के कबूलनामे के वीडियो वायरल होने के बाद गहलोत सरकार भाजपा सहित अन्य विरोधी दलों के निशाने पर है।
'हत्याकांड के लिए गहलोत सरकार ज़िम्मेदार'
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने उदयपुर में कन्हैयालाल हत्याकांड के लिए राज्य की गहलोत सरकार को ही ज़िम्मेदार बताया है। बीते दिनों दी अपनी प्रतिक्रिया में राजे ने कहा था कि उदयपुर में एक निर्दोष युवक की दिन दहाड़े निर्मम हत्या से स्पष्ट हो गया है कि राज्य सरकार की शह के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद है और प्रदेश में साम्प्रदायिक उन्माद व हिंसा की स्थिति उत्पन्न हो गई है। अपराधी इतने बैखोफ हैं कि उन्होंने प्रधानमंत्री तक को लेकर हिंसक बयान दिया है। राजे ने घटना में लिप्त सभी अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी और कड़ी सजा दिलाये जाने की भी पैरवी की थी।
उदयपुर के बाद जोधपुर जाने का कार्यक्रम
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का उदयपुर के बाद जोधपुर जाने का भी प्रस्तावित कार्यक्रम है। जानकारी के अनुसार वे वहां भाजपा के वरिष्ठ नेता मेघराज लोहिया के पुत्र के आशीर्वाद समारोह में शामिल होंगी। इसी कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की भी संभावना है। राजे के उदयपुर और जोधपुर पहुँचने पर उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता स्वागत करने की तैयारी में हैं।












Click it and Unblock the Notifications