अल्मोड़ा में बोले सीएम धामी- 10 साल का रोड मैप तैयार कर रखी जाएगी उत्तराखंड के विकास की नीव
अल्मोड़ा, 18 दिसंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के विकास की नींव रखने के लिए दस साल का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इसके लिए सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं। सीएम ने पलायन रोकने और आजीविका संवर्द्धन के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से हवालबाग ब्लॉक में आयोजित दो दिनी आजीविका महोत्सव का शुक्रवार को शुभारंभ किया। उन्होंने 49.19 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

मुख्यमंत्री दोपहर 12.40 बजे हवालबाग ब्लॉक पहुंचे। उन्होंने यहां रूरल बिजनेस इंक्यूबेटर सेंटर का शुभारंभ किया। इसके बाद वह आजीविका महोत्सव कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों को देखा और लोगों से बात की। अपने संबोधन में सीएम धामी ने कहा कि अल्मोड़ा और पौड़ी में रूरल बिजनेस इंक्यूबेटर सेंटर खोला गया है। इससे पलायन रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका की मजबूती और स्वरोजगार योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचाना है। होम स्टे योजना आने वाले समय में पर्यटन व आर्थिकी का मुख्य आधार बनेगा। इस योजना के तहत प्रदेश में 3600 होम स्टे पंजीकृत हैं, जिनसे आठ हजार लोगों को रोजगार मिला है। इस तरह के महोत्सव सिर्फ औपचारिक न रह जाएं, इसके लिए अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और जनता सभी को मिलकर कार्य करना होगा। प्रदेश के सभी शहरों को हेलीपैड से जोड़ने का प्रयास भी सरकार कर रही है। टनकपुर- बागेश्वर रेल लाइन के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने 29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस दौरान सीएम ने जिले की महान विभूतियों को भी याद किया।
विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने सभी का आभार जताया। डीएम वंदना सिंह ने महोत्सव की रूपरेखा बताई। कार्यक्रम में सांसद अजय टम्टा, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या, महिला आयोग की उपाध्यक्ष ज्योति शाह मिश्रा, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ललित लटवाल, जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, अध्यक्ष कैलाश गुरुरानी, महामंत्री महेश नयाल, ग्राम्य विकास अपर सचिव बीना जोशी, एसएसपी पंकज भट्ट, सीडीओ नवनीत पांडे आदि मौजूद थे।
अल्मोड़ा में पार्किंग के लिए 7.74 करोड़ मंजूर
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अल्मोड़ा में पार्किंग स्थल निर्माण के लिए 7.74 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है। सीएम ने चितई पंत तिराहे से हरिदत्त पेटशाली इंटर कॉलेज तक लिंक मार्ग, बसमांव-दरमाण मोटर मार्ग निर्माण, कोसी दौलाघट मोटर मार्ग से धौलीगाड़-पंचगाव-स्यूरा लिंक मोटर मार्ग, अल्मोड़ा में 50 बेड का आयुष सुपर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल की स्थापना, प्रसार प्रशिक्षण केंद्र में एक्जीक्यूटिव हॉस्टल का निर्माण और प्रसार, रूरल बिजनेस इंक्यूबेटर (द्वितीय चरण) के विस्तारीकरण की घोषणा भी की।
इन विकास योजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास
आजीविका महोत्सव कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने राइंका पेटशाल, राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया में प्रयोगशाला के निर्माण, डायट अल्मोड़ा में प्रशिक्षण हाल के निर्माण, सड़क एवं गैराज के निर्माण कार्य, विकास भवन परिसर में कैंटीन, डॉयट अल्मोड़ा में प्राचार्य आवास के निर्माण, राजकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र हवालबाग के सुदृढ़ीकरण कार्य, अल्मोड़ा के टैक्सी स्टेंड में बहुमंजिली पार्किंग के निर्माण, केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के तहत निर्माण खंड अल्मोड़ा के विभिन्न मोटर मार्गों में दुर्घटना संभावित संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षात्मक कार्य, राइंका सत्यों, कनरा, बाराकूना में प्रयोगशाला के निर्माण, राइंका भनोली में कंप्यूटर कक्ष, पुस्तकालय व दो अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण कार्य, कपकोट ग्राम समूह (पंपिंग) पेयजल योजना, भागादेवली ग्राम समूह (पंपिंग) योजना, गैराड़ ग्राम समूह (पंपिंग) पेयजल योजना का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
राजस्थान की भुट्टे खान एंड पार्टी ने बांधा समा
आजीविका महोत्सव में बाड़मेर (राजस्थान) की भुट्टे खान एंड पार्टी ने वहां के लोकगीत, पारंपरिक गीत, लोक नृत्य, चरी नृत्य और कालबेलिया की प्रस्तुति दी। टीम के भुंगर खान ने बताया कि उनकी पार्टी अब तक 40 से अधिक देशों में अपने कार्यक्रमों की प्रस्तुति दे चुकी है। उन्हें संगीत नाटक अकादमी से अवार्ड भी मिला है। और 2020 में वर्ल्ड गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड में भी संगीत के लिए उनका नाम दर्ज है। उनकी सात पुश्तें गीत- संगीत की प्रस्तुति देती आई हैं।












Click it and Unblock the Notifications