10 से 5 बजे तक काम करने की संस्कृति में लाया जा रहा बदलाव, CM धामी ने कहा- रोडमैप किया जा रहा तैयार
Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में नई कार्य संस्कृति विकसित करने के लिए 10 से पांच बजे की कार्य संस्कृति में बदलाव लाया जा रहा है। प्रदेश सरकार राज्य के विकास की दीर्घकालीन योजनाओं पर काम कर रही है। इसके लिए सभी विभागों का 10 साल का रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
सरकार का प्रयास राज्य के विकास में सभी संस्थानों का सहयोग प्राप्त करने का है। सीएम धामी ने कहा कि पारिस्थितिकी, आर्थिकी, तकनीक, जवाबदेही और उत्तरदायित्व के पांच सशक्त स्तंभों पर व्यवस्थित माडल उत्तराखंड को वर्ष 2025 तक श्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के लिए आवश्यक है।

सभी विभागों का रोडमैप तैयार कर रही सरकार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में वर्ष 2023 में उत्तराखंड बोधिसत्व विचार श्रृंखला 'एक नई सोच-एक नई पहल' पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी विभागों का रोडमैप तैयार कर रही है। अब तक 20 विभागों की समीक्षा की जा चुकी है।
बोधिसत्व श्रृंखला में प्राप्त सुझावों को भी इसमें सम्मिलित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया है। इस दिशा में रोडमैप बना कर कार्य किया जा रहा है। राज्य के विकास में जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।
एकीकृत मॉडल विकसित करना सरकार की प्राथमिकता
राज्य में स्थित सभी वैज्ञानिक संस्थाओं को साथ लाकर समग्र एवं सर्वांगीण विकास का एकीकृत मॉडल विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके माध्यम से सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों को विकास की मुख्यधारा को जोड़ते हुए पारिस्थितिकी और आर्थिकी में बराबर संतुलन बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने उत्तराखंड को वर्ष 2025 तक सशक्त, सक्षम एवं समृद्ध बनाने के लिए सभी संस्थानों से सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश व विकास का वातावरण बनाया जा रहा है। राज्य के विकास में प्रवासी भी सहयोगी बन रहे हैं।
किया जाएगा वैश्विक निवेशक सम्मेलन
इस वर्ष वैश्विक निवेशक सम्मेलन किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रित किया गया है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में उद्यमी यहां निवेश की सोच रहे हैं। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह संवाद श्रृंखला सबकी विचार यात्रा है।












Click it and Unblock the Notifications