उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने बकरीद के मौके पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं, प्रेम-सौहार्द की अपील
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों विशेष तौर पर राज्य के मुस्लिम नागरिकों को ईद-उल-जुहा की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग ने बताया, अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि खुशियों का यह त्यौहार त्याग, बलिदान और आपसी विश्वास का संदेश देता है।
सीएम धामी ने कहा कि बकरीद का त्योहार मानवता और भाईचारे को सुदृढ़ बनाने की प्रेरणा भी देता है। मुख्यमंत्री ने त्यौहार शांति आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील भी की। अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार को पत्र लिखा।

पत्र में स्पष्ट किया है कि 29 जून, 2023 को ईद-उल-जुहा के पर्व के अवसर पर साम्प्रदायिक सौहार्द एवं शान्ति/कानून व्यवस्था बनाये रखने के संबंध में सुदृढ़ पुलिस प्रबन्ध सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें जिससे किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना घटित न होने पाये। साथ ही कानून व्यवस्था अक्षुण्ण बनी रहे।
अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि ईद-उल-जुहा के त्यौहार को शान्ति एवं सौहार्द पूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु विशेष सतर्कता अपेक्षित है। प्रदेश में स्थानीय अभिसूचना इकाई एवं अन्य अभिसूचना तंत्र को सक्रिय कर सूचनाओं का तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर एवं व्हाट्सऐप आदि पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। भ्रामक सूचना प्रसारित होने पर विधिक कार्यवाही करते हुए तत्काल उसके खण्डन की प्रभावी कार्यवाही भी की जाए।












Click it and Unblock the Notifications