UP News: स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटी योगी सरकार, सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार अब स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुट गई है।
UP CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार देर शाम को अपने सरकारी आवास पर आहूत एक बैठक में स्वाधीनता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि स्वाधीनता दिवस हर नागरिक का पर्व है। इसमें हर प्रदेशवासी की सहभागिता होनी चाहिए।

प्रदेश में स्वाधीनता की 76वीं वर्षगांठ, 'माटी को नमन-वीरों का वंदन' करते हुए मनाई जाएगी। कल 09 अगस्त से प्रारम्भ हो रहे स्वाधीनता दिवस उत्सव के तहत आगामी 15 अगस्त तक हर दिन गांव से लेकर नगरों और राजधानी लखनऊ तक अनेक आयोजन होंगे।
पंच प्रण का संकल्प दिलाएगी सरकार
09 अगस्त को मुख्यमंत्री काकोरी शहीद स्मारक में आम जन को अमृत काल के लिए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा नियत 'पंच प्रण' का संकल्प दिलाएंगे। इस अवसर पर वे शहीदों के परिजनों को सम्मानित करेंगे तथा 75 पौधों का रोपण कर एक सप्ताह के कार्यक्रमों का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
शहीदों को याद करेगी योगी सरकार
स्वाधीनता दिवस पर वीरों का वंदन करने के भाव के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, सशस्त्र सेना, पैरामिलिट्री बल, सशस्त्र पुलिस बल, पुलिस बल के पुरस्कृत वीरों, शहीदों के आश्रितों, पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाए। इस विशेष अवसर पर, हाथ में मिट्टी अथवा मिट्टी का दीया लेकर हर नागरिक को पंच प्रण के प्रति संकल्पबद्ध कराया जाए।
हर घर तिरंगा अभियान पर फोकस
सीएम ने कहा कि गत वर्ष 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत पौने छह करोड़ राष्ट्रध्वज फहराकर रिकॉर्ड बनाने के बाद इस वर्ष भी हर आवास, हर व्यापारिक प्रतिष्ठान, औद्योगिक इकाइयों, सरकारी, गैर सरकारी भवनों पर राष्ट्रध्वज फहराया जाना चाहिए। उन्होंने इसके लिए आवश्यक राष्ट्रध्वज के प्रबन्ध और समयबद्ध वितरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
मेरी माटी मेरा देश अभियान को तेज करें
योगी ने कहा कि आजादी के अमृत वर्ष में प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में स्वाधीनता दिवस के अवसर पर 'माटी को नमन, वीरों का वन्दन' के संदेश के साथ 'मेरी माटी, मेरा देश' कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता ज्ञापन का कार्यक्रम है। राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत इस पुनीत कार्यक्रम में हर उत्तर प्रदेश वासी को सहभागी बनना चाहिए।
स्वतंत्रता दिवस पर लगाएं पां करोड़ पौधे
मुख्यमंत्री ने कहा कि 35 करोड़ पौधरोपण के संकल्प पूर्ति के क्रम में स्वाधीनता दिवस के अवसर पर 05 करोड़ पौधे लगाए जाने हैं। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर अथवा अन्य जलाशयों के समीप पौधरोपण किया जाना उचित होगा।












Click it and Unblock the Notifications