प्रियंका के सीएम फेस को लेकर सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कसा तंज, बोले- 'मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं' नारा खोखला
प्रियंका के सीएम फेस को लेकर सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कसा तंज, बोले- 'मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं' नारा खोखला
लखनऊ, 22 जनवरी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान नेताओं का एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच योगी कैबिनेट के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 'प्रियंका ने कल कहा कि मैं उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की तरह से मुख्यमंत्री का चेहरा हूं और आज उस बात से पलट गई हैं। तो साफ है कि 'मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं' नारा उनका खोखला है। पहले आप अपने नारे को सिद्ध करके दिखाएं।'

बता दें, प्रियंका ने शुक्रवार को सीएम चेहरे के सवाल पर कहा था कि यूपी में मेरे अलावा कांग्रेस की तरफ से किसका चेहरा नजर आता है। वहीं, आज उन्होंने कहा कि मेरी पार्टी कहीं-कहीं पर ये तय करती है कि सीएम का चेहरा कौन बनेगा और कहीं पर तय नहीं करती है, ये पार्टी का तरीका है. मैं ये नहीं कह रही हूं कि सीएम का चेहरा मैं ही हूं, वो मैंने चिढ़ कर कह दिया क्योंकि बार-बार वो ही सवाल पूछे जा रहे हैं।
कांग्रेस ने 40 फीसदी महिलाओं को दिए टिकट
दरअसल, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी चुनाव के लिए 'मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं' का नारा दिया है। यही नहीं, उन्होंने अब तक 166 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की है, जिसमें से 66 में महिलाओं को टिकट दिया है। कांग्रेस की लिस्ट में आशा वर्कर से लेकर किसान आंदोलन और न्याय के लिए लड़ने वाली महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां आशा सिंह को भी मैदान में उतारा है। यही नहीं, यूपी में कांग्रेस के हर पोस्टर पर 'मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं' लिखा नजर आता है।
भाजपा पर साधा निशाना
इसके साथ प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि भाजपा सरकार ने बेरोजगारों नौजवानों के लिए क्या किया है? चुनाव आता है तो कहते हैं कि 25 लाख नौकरियां देंगे, कभी ये समझाया है कि रोजगार कहां से आएगा? हमने ये कहा कि हम 20 लाख नौकरियां देंगे, हमने हवा में नहीं कहा। हमने पूरा घोषणापत्र निकाला है। गठबंधन के दरवाजा बीजेपी के लिए एक दम बंद है और बाकी पार्टियों के लिए खुला है। समाजवादी पार्टी और भाजपा एक हद तक एक ही बिसात पर खेल रहे हैं क्योंकि दोनों का फायदा उसी तरह की राजनीति से हो रहा है। साथ ही बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती को लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मुझे बहुत आश्चर्य हुआ कि चुनाव भी आ गया लेकिन फिर भी वो सक्रिय नहीं हुईं, हो सकता है कि उन पर भाजपा सरकार का दबाव हो।












Click it and Unblock the Notifications