झारखंड में निवेश की काफी संभावनाएं, निवेशकों को मिलेगा सरकार का पूरा सहयोग
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में ब्रिटिश उच्चायोग के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में निवेश और राज्य में संभावनाओं को लेकर राउंड टेबल बैठक हुई। इस दौरान उच्च शिक्षा, स्कूली
रांची, 24 अगस्त 2022: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में ब्रिटिश उच्चायोग के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में निवेश और राज्य में संभावनाओं को लेकर राउंड टेबल बैठक हुई। इस दौरान उच्च शिक्षा, स्कूली शिक्षा में अंग्रेजी विषय पर बल, सौर ऊर्जा का विकास, क्लीन एनर्जी, जलवायु परिवर्तन, पर्यटन, कला संस्कृति एवं खेलकूद, इलेक्ट्रानिक मोटर वाहन सहित अन्य क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं एवं सभी सेक्टर पर राज्य सरकार की नीतियों से संबंधित विस्तृत जानकारी रखी गई। विभिन्न आयामों को कैसे आगे बढ़ाया जाए, इसे लेकर बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं
बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ब्रिटिश हाई कमिश्नर एलेक्स एलिस एवं उनकी टीम को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की काफी संभावनाएं हैं। निवेशकों को राज्य सरकार पूरा मदद कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, उद्योग, इलेक्ट्रानिक मोटर वाहन, स्वास्थ्य, खेल एवं सौर ऊर्जा सहित कई सेक्टरों में बेहतर नीति बनाई गई है। इन सभी क्षेत्रों में अभी काफी काम किया जाना है, इसमें आप सभी का सहयोग महत्वपूर्ण रहेगा।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है। गांव मजबूत होगा तभी राज्य मजबूत होगा। झारखंड के नौजवान काफी प्रतिभाशाली हैं। सीमित संसाधन के बावजूद यहां के बच्चे ओलंपिक में विनर बन रहे हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली नौजवानों का गरीबी उनके सफलता में बाधा न बने, इस निमित्त नीतियों को बनाने का काम किया गया है। संसाधनों एवं संभावनाओं के समन्वय से विकास की गति तेज करने पर बल दिया जा रहा है। सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आजीविका संवर्धन करने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। सभी बिंदुओं पर बारीकी से नजर रखते हुए सतत विकास के रास्ते पर चलने का काम किया जा रहा है।
झारखंड सरकार के प्रयासों की सराहना
इस अवसर पर ब्रिटिश हाई कमिश्नर एलेक्स एलिस एवं उनकी टीम ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयासों की सराहना की। बैठक में ब्रिटिश हाई कमिश्नर एलेक्स एलिस ने झारखंड में निवेश की संभावनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विकास का शानदार माहौल तैयार किया है। राज्य में दिख रहे उद्योगपरक सकारात्मक माहौल और यहां से मिली जानकारी ब्रिटिश उच्चायोग यूनाइटेड किंगडम के उद्यमियों तक पहुंचाकर झारखंड में निवेश और विकास में सहभागी बनने के लिए उन्हें प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव एल. खियांग्ते, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव वंदना डाडेल, प्रधान सचिव अविनाश कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, सचिव अमिताभ कौशल, सचिव केके सोन, सचिव राजेश कुमार शर्मा, सचिव राहुल कुमार पुरवार, निदेशक जितेंद्र सिंह सहित ब्रिटिश उच्चायोग के प्रतिनिधि उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications