जंतर मंतर पर महिला पहलवानों के समर्थन में उतरे तेलंगाना के मंत्री केटीआर
केटी रामाराव ने कहा कि अब आइए इन पहलवानों के साथ खड़े हों और अपनी एकजुटता व्यक्त करें।

तेलंगाना के आईटी मंत्री और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने शुक्रवार को दिल्ली में जंतर-मंतर पर पहलवानों के विरोध प्रदर्शन के लिए अपने समर्थन का ऐलान किया और ट्वीट कर बड़ी बात कही।
केटी रामाराव ने उन शीर्ष भारतीय पहलवानों के साथ खड़े होने का आह्वान किया, जो भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष और अन्य कोचों पर महिला पहलवानों का यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए विरोध कर रहे हैं।
केटी रामाराव ने ट्वीट करते हुए कहा, 'हमने जश्न मनाया जब इन ओलंपिक चैंपियन ने हमारे देश का गौरव बढ़ाया। अब आइए उनके साथ खड़े हों और अपनी एकजुटता व्यक्त करें क्योंकि वे न्याय के लिए लड़ते हैं।'
सात महिला पहलवानों ने महासंघ के नेता बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मध्य दिल्ली के कनॉट प्लेस पुलिस थाने में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। दिल्ली पुलिस की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति पी एस नरसिम्हा की सुप्रीम कोर्ट की पीठ को बताया कि प्राथमिकी शुक्रवार को दर्ज की जाएगी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण सिंह पर एफआईआर दर्ज की।












Click it and Unblock the Notifications