तेलंगाना: बीआरएस नेताओं के बीच एक बार फिर दिखी गुटबाजी, पार्टी के लिए नया संकट
तेलंगाना में बोथ विधानसभा के बीआरएस नेताओं के बीच आंतरिक कलह थमती नहीं दिख रही है। खासतौर पर बोथ विधायक राठौड़ बापू राव और पूर्व सांसद जी नागेश के बीच मतभेद, पार्टी के लिए नई परेशानी खड़ी करते हुए नजर आ रहे हैं।
बुधवार को सोनाला मंडल के गठन का जश्न मनाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में दोनों के बीच मतभेद एक बार फिर सामने आए।

सोनाला में आयोजित समारोह में जहां आदिलाबाद के पूर्व सांसद जी नागेश, पार्टी के जिला अध्यक्ष और आदिलाबाद विधायक जोगू रमन्ना, नीराडिगोंडा जेडपीटीसी अनिल जाधव, बोथ एमपीपी टी श्रीनिवास और कई अन्य स्थानीय नेताओं ने भाग लिया, वहीं विधायक राठौड़ बापू राव कार्यक्रम से नदारद रहे।
यहां यह भी बताना जरूरी है कि 30 जून को जी नागेश, तुला श्रीनिवास और अन्य नेताओं ने कुमरामभीम-आसिफाबाद जिले में आयोजित एक सार्वजनिक बैठक में सोनाला मंडल के गठन की मांग करते हुए मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव को एक ज्ञापन दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नई नियमावली बनाने के फैसले की घोषणा की और फिर सरकार ने सोनाला मंडल के गठन के आदेश जारी किये।
बताया जा रहा है कि बुधवार के समारोह में बापू राव इसलिए गैर हाजिर थे, क्योंकि उन्हें निमंत्रण नहीं दिया गया था। दिलचस्प बात यह है कि विधायक ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में आयोजित कुछ अन्य पार्टी कार्यक्रमों में भाग लिया।












Click it and Unblock the Notifications