सड़क नेटवर्क और भवन निर्माण में तेलंगाना ने हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि
तेलंगाना सरकार ने सड़क नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण और नए सचिवालय, एकीकृत जिला कार्यालय परिसरों जैसे विशाल भवनों के निर्माण पर ध्यान दिया है।

तेलंगाना के बुनियादी ढांचे के विकास में पिछले आठ वर्षों में एक बड़ा बदलाव आया है। तेलंगाना सरकार ने जिस तरह से सड़क नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण और नए सचिवालय, एकीकृत जिला कार्यालय परिसरों जैसे विशाल भवनों के निर्माण पर ध्यान दिया है, ये उसी का असर है।
तेलंगाना सरकार ने चार प्रमुख कार्यक्रम हाथ में लिए हैं। इनमें मंडल मुख्यालयों से जिला मुख्यालयों के बीच डबल लेन कनेक्टिविटी प्रदान करना, कुछ प्रमुख जिला सड़कों/राज्य राजमार्गों को दो लेन तक चौड़ा करने, पुलों के निर्माण और प्रमुख शहरों के लिए रिंग रोड/बाई-पास बनाने के माध्यम से क्षमता वृद्धि करना शामिल है।
तेलंगाना के गठन के समय सड़क नेटवर्क की स्थिति राष्ट्रीय औसत से नीचे थी। 24,245 किमी की कुल सड़क लंबाई में से केवल 28 प्रतिशत सड़क की लंबाई यानी 6,761 किमी राज्य की आरएंडबी सड़कें डबल/फोर-लेन/मल्टी लेन थीं। सड़कों की गुणवत्ता भी मानकों के अनुरूप नहीं थी।
इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए कि एक बेहतर सड़क नेटवर्क आर्थिक प्रगति की कुंजी है, तेलंगाना सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ-साथ राज्य की सड़कों दोनों में बेहतर सड़क संपर्क पर ध्यान केंद्रित किया। इसी का परिणाम है कि राष्ट्रीय राजमार्ग घनत्व जो 2014 में 2.25 किमी/100 वर्ग किमी था, अब 2023 में बढ़कर 4.45 किमी/100 वर्ग किमी हो गया है।
पिछले साढ़े आठ वर्षों के दौरान राज्य में सड़क नेटवर्क की स्थिति की बात करें तो डबल लेन, जो 2 जून, 2014 को 6,093 किमी थी, बढ़कर 12,060 किमी हो गई है। इसी तरह, फोर-लेन और उससे अधिक जो 2014 में केवल 669 किमी थे, बढ़कर 1,154 किमी हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications