शिअद- बसपा की सरकार बनने पर पंजाब को देंगे नई दिशा
बंगा: गांव चक्कदाना में एक रिजार्ट में आयोजित बैठक के दौरान शिरोमणि अकाली दल बादल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल तथा बहुजन समाज पार्टी का गठजोड़ नैतिकता का गठजोड़ है। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक गठजोड़ बहुत साल पहले होना चाहिए था, मगर हर बात समय पर होती है। इसीलिए अब पंजाब में कांग्रेस सरकार जो नौटंकी कर रही है, उससे लोगों को सावधान रहना होगा। सुखबीर ने कहा कि अकाली दल तथा बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनने पर पंजाब को नई दिशा दी जाएगी।

नवांशहर विधानसभा हलके से नछत्तर पाल तथा बंगा विधानसभा क्षेत्र से विधायक डा. सुखविदर कुमार सुक्खी पार्टी के घोषित उम्मीदवार हैं। इसलिए लोगों को शिरोमणि अकाली दल तथा बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनाने के लिए इन दोनों उम्मीदवारों को बहुमत से जिताने के लिए संकल्प लेना चाहिए । उन्होंने वादा किया कि शिरोमणि अकाली दल बादल की सरकार बनने पर 400 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी। 2000 रुपये प्रति नीला कार्ड धारक महिला को घर की रसोई चलाने के लिए दिया जाएगा।
इसके अलावा पेंशन में भी बढ़ोतरी की जाएगी। शहरों तथा गांव में रहने वाले बेघर लोगों को बाबू कांशीराम के नाम पर घर बनाकर दिए जाएंगे। इसके अलावा सर्वसम्मति से बनने वाली पंचायतों को 50 लाख की ग्रांट दी जाएगी। इस मौके पर विधायक बंगा डा. सुखविदर कुमार सुक्खी, शिरोमणि अकाली दल के जिलाध्यक्ष बुध सिंह बलाकीपुर, सतनाम लादियां, प्रवीण बंगा, प्रदीप खमाचों के अलावा जरनैल सिंह वाहद, परम सिंह खालसा, एसजीपीसी के सदस्य गुरबख्श सिंह खालसा तथा नवांशहर से शिरोमणि अकाली दल व बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता भी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications