कौशल विकास घोटाला: नारा लोकेश का दावा- चंद्रबाबू नायडू ने नहीं किए थे फाइल पर हस्ताक्षर
तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के महासचिव नारा लोकेश ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू को कथित कौशल विकास निगम घोटाले में गिरफ्तार किया गया, लेकिन संबंधित फाइल में ना तो उनका नाम है और ना उन्होंने उस पर हस्ताक्षर किए थे।
लोकेश ने मीडियाकर्मियों से कहा कि उनके पिता चंद्रबाबू नायडू केवल नीति-निर्माता थे और अनुवर्ती कार्रवाई के लिए जिम्मेदार नहीं थे। कौशल विकास निगम के प्रबंध निदेशक के रूप में प्रेमचंद्र रेड्डी ने धन जारी करने का आदेश दिया।

लोकेश ने बताया कि 2021 में दर्ज की गई एफआईआर में चंद्रबाबू नायडू का नाम नहीं था। उनका मानना है कि उनके पिता के खिलाफ इस वजह से मामला दर्ज किया गया, क्योंकि वो सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। साथ ही जगन सरकार को डर है कि वो सत्ता खोने जा रही।
इससे पहले लोकेश ने टीडीपी विधायक एन. बालकृष्ण और जन सेना पार्टी के चीफ पवन कल्याण के साथ राजमुंदरी सेंट्रल जेल में नायडू से मुलाकात की। साथ ही उन्होंने नायडू को पिंजरे में बंद शेर कहा।
उन्होंने अपनी मां नारा भुवनेश्वरी के राजनीति में आने की संभावना से इनकार किया। लोकेश ने कहा कि जल्द ही टीडीपी और जेएसपी की ओर से एक संयुक्त समिति बनाकर एक संयुक्त कार्य योजना की घोषणा की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि टीडीपी और जनसेना पार्टी के जो नेता सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहे, उनके खिलाफ मामला दर्ज कर परेशान किया जा रहा।












Click it and Unblock the Notifications