रेवाड़ी : नहरों के सुधारीकरण पर खर्च होंगे 28 करोड़, सीएम की मनोहर स्वीकृति
राव इंद्रजीत सिंह की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि उन्होंने जिले की नहरों की दशा सुधारने के लिए सीएम मनोहरलाल से फोन पर बातचीत की थी।

रेवाड़ी जिले की नहरों के सुधारीकरण के लिए सीएम मनोहरलाल ने 28 करोड़ रुपए खर्च करने को मंजूरी प्रदान की है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की ओर से दावा किया गया है कि फोन पर हुई बातचीत के बाद ही सीएम ने नहरों के सुधारीकरण के लिए यह राशि मंजूर की है।
राव इंद्रजीत सिंह की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि उन्होंने जिले की नहरों की दशा सुधारने के लिए सीएम मनोहरलाल से फोन पर बातचीत की थी। इसके बाद ही नहरों के लिए यह राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से जिले की 9 नहरों का सुधारीकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 10 किलोमीटर लंबी बावल डिस्ट्रीब्यूटरी के सुधार पर 5 करोड़ रुपए राशि खर्च होगी। इससे खेड़ा मुरार, बावल हरचंदपुर, बालावास, रूध कालडावास, आसरा का माजरा व मोहम्मदपुर आदि गांवों को लाभ होगा।
इन गांवों को मिलेगा लाभ
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि कमालपुर डिस्ट्रीब्यूटरी की करीब 10 किलोमीटर लंबी नहर का कार्य साढ़े पांच करोड़ में पूरा किया जाएगा। इस योजना से देवलावास, कमालपुर, हरीनगर, बिठवाना, धमलावास, डालियाकी, रामपुरा के लोगों को लाभ मिलेगा। झाबुआ डिस्ट्रीब्यूटर की मरम्मत करीब 2 करोड़ रुपए में की जाएगी, जिससे बावल, मंगलेश्वर, दूल्हेड़ा कलां गांव को लाभ होगा। किशनपुर माइनर का सुधारीकरण सवा करोड़ रुपए में होगा। इससे किशनपुर व रणसी माजरी गांव को लाभ मिलेगा।
सब माइनर पर खर्च होंगे 60 लाख
भाड़ावास सब माइनर पर करीब 60 लाख खर्च किए जाएंगे। इससे ठोठवाल, डालियाकी, दाना आलमपुर गांव को लाभ मिलेगा। हसनपुर माइनर पर करीब 45 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे इससे बावल ढाणी के लोगों को लाभ मिलेगा। निखरी डिस्ट्रीब्यूटरी के सुधारीकरण पर करीब 7 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे इससे रेवाड़ी, कालका, मांढैया कला, बाम्बड़, मुरादपुरी, खड़गवास, डूंगरवास, रसगन व मसानी को लाभ मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications